बिहार की राजधानी पटना में जारी जेडीयू के तीन दिवसीय मंथन शिविर के दूसरे दिन शनिवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसमें लोकसभा चुनाव 2024 और 2025 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जेडीयू की आगामी रणनीति क्या होगी, इस पर निर्णय लिया जाएगा। साथ ही पार्टी के नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राष्ट्रीय स्तर पर क्या राजनीतिक भूमिका होगी और सदस्यता अभियान की शुरुआत जैसे मुद्दों पर भी बैठक में फैसले लिए जाएंगे। इसके अगले दिन रविवार को पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में कार्यकारिणी द्वारा लिए गए फैसलों पर मुहर लगेगी। नीतीश कुमार को 2024 में विपक्ष का पीएम कैंडिडेट बनाए जाने की चर्चा के बीच जेडीयू की आज होने वाली बैठक में अहम फैसले हो सकते हैं।
पटना में जेडीयू प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में यह बैठकें आयोजित होनी हैं। शुक्रवार को यहां प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद खान ने कहा कि अगले दो दिनों तक होने वाली बैठकों में भाग लेने के लिए 26 राज्यों के पदाधिकारी पटना पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को ही कई प्रतिनिधि पहुंच चुके हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में 125 नेता-पदाधिकारी भाग लेंगे। वहीं, राष्ट्रीय परिषद की बैठक में 250 लोग रहेंगे। बैठक में पार्टी के संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, वर्तमान राजनीतिक हालात, राज्य में महागठबंधन सरकार के गठन आदि विषयों पर चर्चा होगी और इस पर मुहर लगेगी। साथ ही राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किये जाएंगे।
नीतीश से बिहार का बदला नॉर्थ ईस्ट में, जेडीयू के 5 विधायक बीजेपी में
शनिवार को शाम चार बजे राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। तीन बजे पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक कर कार्यकारिणी में लिए जाने वाले विषयों पर अंतिम निर्णय लेंगे। इसके पहले सुबह 11 बजे से जेडीयू प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। दोनों ही बैठकों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह समेत तमाम आला नेता भी मौजूद रहेंगे। विभिन्न राज्यों से आने वाले पार्टी पदाधिकारियों का एयरपोर्ट और स्टेशन पर स्वागत किया जा रहा है। उनके ठहरने और भोजन आदि की पूरी व्यवस्था कर दी गई है। बैठकों को लेकर पार्टी कार्यालय को सजाया गया है। वहीं, आस-पास के एरिया और सड़क को पार्टी के झंडे और बैनर से पाट दिया गया है।