नोएडाः बिहार के एक दंपति के बीच रोटी का झगड़ा काल बन गया। खाने को लेकर शुरु हुआ विवाद पत्नी की मौत और पति की गिरफ्तारी पर जाकर खत्म हुआ। नोएडा में पत्नी ने रोटी नहीं बनाई तो पति ने तवा उठाकर उसी से प्रहार कर दिया। इसके बाद पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतका 32 वर्षीय खुशबू देवी बिहार की रहने वाली है। उसरा पति अनुज ऑटो चलाने का काम करता है। वे दोनों थाना फेस 3 क्षेत्र के सेक्टर 66 स्थित श्रमिक कुंज में रहते थे। पति-पत्नी के बीच रोटी बनाने को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना ज्यादा बढ़ गया कि पति ने गुस्से में आकर चूल्हे पर रखे तवे से पत्नी के ऊपर हमला कर दिया।
इस हमले में खुश्बू गंभीर रूप से घायल हो गई और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति अनुज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की जांच कर रही है। अनुज और खुश्बू की एक बेटी गांव में रहती है। उनका 5 साल का बेटा साथ में रहता है लेकिन घटना के दौरान वह स्कूल गया हुआ था।