
करवा चौथ में पत्नियां अपने पति की लंबी उम्र के लिए पूजा करती हैं और सुबह से ही निर्जला व्रत रखती हैं। रात में चांद को देख कर पूजा के बाद सुहागिन महिलाएं व्रत खोलती हैं। पूरा दिन महिलाएं कुछ भी खाती पीती नहीं। ऐसे में परंपरा के मुताबिक सूर्योदय के समय सुहागिन महिलाएं सरगी की थाल सजाती हैं और सरगी खाकर व्रत शुरू करती हैं। पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखना तो ठीक है लेकिन पूरा दिन कुछ न खाने से कमजोरी आ सकती है। ऐसे में जरूरी है कि सरगी की थाली में ऐसे पौष्टिक आहार हों, जिन्हें खाकर पूरा दिन आपको भूख भी न लगे और एनर्जी भी बनी रहे। ताकि शाम की पूजा में आप स्वस्थ भी रहें और चेहरा भी खिला खिला रहे। अगर आप या परिवार में कोई और करवा चौथ का व्रत हैं तो सरगी की थाल में पौष्टिक आहार जरूर रखें। जानिए सरगी में क्या क्या पौष्टिक आहार खाना चाहिए।
दूध से बनी डिश
करवा चौथ की सरगी की थाल में दूध या दूध से बनी मिठाइयों को शामिल करें। व्रत से पहले सरगी में दूध से बनी डिश जैसे सेवई, खीर, रबड़ी या एक ग्लास दूध का सेवन जरूर करें। दूध में प्रोटीन होता है जो शरीर को भरपूर एनर्जी देता है।
नारियल पानी
नारियल पानी शरीर के लिए फायदेमंद होता है। उपवास में नारियल पानी का सेवन करें। ये शरीर में इलेक्ट्रोलाइट नियंत्रण रखने में मदद करता है। नारियल पानी ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल करता है और एनर्जी भी बनाएं रखता है।
आलू के पराठे
सरगी में आलू पराठा भी खा सकते हैं। आलू का पराठा हैवी होता है और उसे खाने से देर तक भूख नहीं लगती। वहीं दिन भर एनर्जी बनी रहती है।
दही और फल
निर्जला व्रत में दही जरूर खाना चाहिए। दही का सेवन करने से लंबे समय तक प्यास नहीं लगती है। आप दही में फल मिलाकर फ्रूट रायता भी खा सकती हैं। फल में भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है। फल खाने से आपको जल्दी भूख भी नहीं लगती और एनर्जी भी मिलती है। फलों में आप केला सेब आदि खा सकती हैं।