नई दिल्ली:- अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी पर निशाना साधा और कहा चुनाव आयोग की रोक के बाद भी उन्होंने अपने पूरे चुनाव प्रचार को धर्म-जाति और समाज को बांटने के मुद्दों पर ही फोकस रखा है। देश के सामने चुनौती बने बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर बिल्कुल भी चर्चा नहीं है। खरगे ने कहा कि पिछले 15 दिनों के प्रचार के दौरान ही पीएम मोदी ने 421 बार धर्म, जाति और समाज को बांटने की बात कही है। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से चर्चा में यह बात कही
खरगे ने बताया पीएम ने कितनी बार लिया किसका नाम
उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा से पहले भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी जिस तरह से अपने काम की बात कर रहे थे उसका जिक्र चुनाव में उनकी ओर से बिल्कुल नहीं किया गया। पीएम मोदी के पिछले 15 दिनों के भाषणों का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा कि पीएम मोदी ने इस दौरान 758 बार सिर्फ अपना नाम दिया और अपनी ही तारीफ की है, जबकि 573 बार उन्होंने आइएनडीआइए गठबंधन का नाम किया और उस पर हमला किया। वहीं 232 बार कांग्रेस पार्टी का नाम लिया, जबकि 224 बार उन्होंने मुस्लिम और पाकिस्तान शब्द का इस्तेमाल किया।
जबकि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र को ही जनता के बीच प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को देखना चाहिए, कि उनकी रोक के बाद भी पीएम ने पूरे प्रचार में धर्म, जाति और समाज का बंटाने की ही बात की। खरगे ने इस दौरान पीएम पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के मुद्दे पर भी टिप्पणी की और कहा कि पीएम मोदी को चार जून के बाद फ्री होकर गांधी के बारे और पढ़ना चाहिए। उनका यह कहना कि गांधी को दुनिया ने किसी फिल्म के बाद जाना यह गलत है। गांधी को पूरी दुनिया जानती है। करीब 90 देशों में उनकी मूर्तियां लगी है। पीएम मोदी की टिप्पणी कि अगले छह महीने में बड़ा राजनीतिक भूचाल आने वाला है से जुड़े सवाल पर खरगे ने कहा कि यह तो वहीं बता सकते है, लेकिन फिलहाल चार जून को उनकी छुट्टी हो रही है।
खरगे से जब पूछा गया कि आप जिस तरह से दावा कर रहे है कि आइएनडीआइए की सरकार बनने जा रही है तो पीएम कौन होगा ? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि इसका फैसला कोई एक दल कैसे ले सकता है। हम सभी गठबंधन में चुनाव लड़े है। ऐसे में पीएम का फैसला भी गठबंधन मिलकर करेगा। इनमें देरी नहीं होगी। हम नतीजों के आने के बाद जल्द ही फैसला ले लेंगे। हमें गठबंधन की सरकार चलाने का अनुभव है। इससे पहले भी कांग्रेस पार्टी ने यूपीए-1 और यूपीए-2 की गठबंधन सरकारों को अच्छे तरीके से चलाया है। खरगे ने कहा कि उन्हें प्रचार के दौरान जनता से जो फीडबैक मिला है, उससे वह आश्वस्त है.
