त्योहारी सीजन में जल्द ही आपको पेट्रोल-डीजल को लेकर अच्दी खबर मिल सकती है। दरअसल, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 7 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। आज ब्रेंट क्रूड 88 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। डबल्यूटीआई क्रूड भी 85 डॉलर के आस पास तक टूट चुका है। इनर्जी एक्सपर्ट कच्चे तेल में और गिरावट का अनुमान लगा रहे हैं। ऐसे में घरेलू बाजार में पेट्रोल-डीजल पर आपको जल्द सरकार की ओर से राहत मिल सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल के भाव में 5 रुपये प्रति लीटर तक की कटौती हो सकती है।IIFL सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी एंड करेंसी) अनुज गुप्ता ने इंडिया टीवी को बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में गिरावट जारी है। वैश्विक मंदी की आशंका से मांग घटी है। वहीं, अमेरिका सहित पूरे यूरोप में गर्मी पड़ रही है। इससे भी तेल की मांग घटी है।
ऐसे में ब्रेंट क्रूड आने वाले दिनों में टूटकर 85 डॉलर तक पहंच सकता है। वहीं, डबल्यूटीआई 80 डॉलर प्रति बैरल तक आ सकता है। इसका फायदा भारत को होगा। भारत अपनी जरूरत का 85% से ज्यादा कच्चा तेल बाहर से खरीदता है। कच्चे तेल में कमी से पेट्रोल-डीजल की लागत घटेगी। इस कीमत पर पेट्रोलियम कंपनियों के पास आसानी से 5 रुपये कटौती का विकल्प है। यह तोहफा त्योहारी सीजन को देखते हुए सरकार दे सकती है।