नई दिल्ली :- बिहार, यूपी और झारखंड सहित दिल्ली में भी छठ पूजा जोर-शोर से चल रही है। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक खबर सामने आ रही है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने छठ पूजा की तैयारियों में बाधा डालने के लिए भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए उसे ‘‘पूर्वांचल विरोधी” करार दिया है।
दिल्ली सीएम आतिशी ने केंद्र के अंतर्गत आने वाले दिल्ली विकास प्राधिकरण पर दक्षिणी दिल्ली के एक इलाके में छठ की तैयारियों को रोकने का भी आरोप लगाया है। मध्य दिल्ली के आईटीओ स्थित छठ घाट का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने कहा, ‘‘चिराग दिल्ली में भाजपा की डीडीए द्वारा छठ पूजा की तैयारी में अड़चन लगाना उसकी पूर्वांचल विरोधी सोच को दर्शाता है।
महत्व पर जोर देते हुए आतिशी ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी नीत सरकार पिछले 10 वर्षों से इस त्योहार को भव्य तरीके से मना रही है। उन्होंने कहा, ‘‘छठ पूर्वांचल के भाइयों और बहनों के लिए बहुत महत्वपूर्ण पर्व है और हम पिछले 10 वर्षों से पूरी दिल्ली में इसे बड़े धूमधाम से मनाते आ रहे हैं।”
दिल्ली सीएम आतिशी ने और आगे कहा, ‘‘10 साल पहले, दिल्ली में सिर्फ 60 स्थानों पर सरकार द्वारा छठ मनाया जाता था। आज, दिल्ली सरकार ने 1 हजार से अधिक छठ घाट तैयार किए हैं, जहां हर कोई छठी मैया की विधिवत पूजा कर सकता है।” आपको जानकारी के लिए बताते चलें कि दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के लिए सात नवंबर को सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया है।
