
सूरजपुर/13 अक्टूबर 2021/ कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ राहुल देव के कुशल मार्गदर्शन में जिले के गौठान में शासन के मंशानुसार मल्टी एक्टिविटी कार्य किया जा रहा है। जो दूरस्थ विकासखंड प्रतापपुर के खड़गवां कला गौठान में देखने को मिल रहा है। यह गोठान विभागीय समन्वय एवं मल्टीएक्टीविटी क्रेन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
गोठान के अन्दर वर्मीकम्पोस्ट निर्माण, बाड़ी विकास, मुर्गी पालन, बकरी पालन, मछली पालन, मसरूम उत्पादन, फूलों की खेती, फलदार वृक्ष तैयार किये गये है जिसका लाभ स्व सहायता समूह की महिलाओं को मिल रहा है। गोठान में दो स्व सहायता समूहों के द्वारा आजीविका गतिविधियों का सफल संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में समूहों के द्वारा गेंदा फूल का उत्पादन कर माला बनाकर अम्बिकापुर के बाजार में बेचा जा रहा है।
गौठान के अंदर लगे मशरूम से प्रति दो दिवस में 8 से 10 किलो का उत्पादन होता है, जिसे 200 रू. प्रति किलो की दर से स्थानीय बाजार के साथ-साथ अंबिकापुर के बाजार में बेचा जा रहा है। गौठान के अंदर मनरेगा योजना अंतर्गत बनाये गये मुर्गी शेड, बकरी शेड में समूहों के द्वारा मुर्गी व बकरी का पालन पशुधन विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। विभाग द्वारा समय-समय पर समूहों को प्रशिक्षण दिया जाता है साथ ही वैक्सीन एवं दवाइयों की उपलब्धता भी कराई जा रही है।
गौठान के अंदर बनी डबरी में मछली पालन का कार्य किया जा रहा है जिसमें मछली पालन विभाग सहयोग प्रदान कर रहा है। उद्यानिकी विभाग के सहयोग से फलदार वृक्ष लगाये गये है जिसमें पपीता, अमरूद व केला प्रमुख है जिसका उत्पादन आगामी माहों में होगा। गोठान के अंदर 5-5 क्विंटल हल्दी व अदरक लगाया गया है आगामी समय को ध्यान में रखते हुए आलू की खेती के लिए खेत तैयार किया जा रहा है।
कौशल प्रजापति ब्यूरो सूरजपुर