ये सुनने में जरूर थोड़ी अजीब लग सकती है, लेकिन सच है। छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक ग्रामीण अपने पालतू कुत्तों को कोरोना का टीका लगवाने वैक्सीनेशन सेंटर पहुंच गया। स्वास्थ्य कर्मियों से अपने कुत्ते को वैक्सीन लगाने का आग्रह करने लगा। उसकी बात सुनकर मेडिकल स्टाफ भी हैरान रह गए। उन्होंने ग्रामीण को समझाय़ा, लेकिन यह बात उसे नागवार गुजरी और वह स्वास्थ्य कर्मियों से विवाद करते हुए हाथापाई पर उतारू हो गया।
रामायण सिंह ने अपने तीनों कुत्तों को कोरोना का टीका लगाने का आग्रह किया। उसकी बात सुनकर केंद्र के प्रभारी ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। रामायण सिंह उनसे विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने केंद्र के लैब– टेक्नीशियन से अभद्रता की और हाथापाई पर उतारू हो गया। करीब आधे घंटे तक स्वास्थ्य केंद्र में ड्रामा चलता रहा। वहां मौजूद स्टाफ ने रामायण सिंह की सारी करतूत अपने मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया।ग्रामीण की इस हरकत से नाराज मेडिकल स्टाफ अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर केंद्र के बाहर ही धरने पर बैठ गए।
मामले की शिकायत बालको थाना में की गई है। बताया जा रहा है कि रामायण सिंह शराब के नशे में धुत था। वह लड़खड़ाते हुए अपने कुत्तों के साथ केंद्र पहुंचा था। मामूली बात को लेकर उसने लैब टेक्नीशियन से विवाद करना शुरू कर दिया, जबकि वहां पर महिला स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद थे। लेडी स्टाफ ने भी उसे समझाने का काफी प्रयास किया, मगर कोई फायदा नहीं हुआ। ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग में काम करने वाले कर्मचारी अब सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।