माले: मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने पदभार संभालने के तुरंत बाद से ही भारत के खिलाफ जहर उगलना शुरू कर दिया। राष्ट्रपति मुइज्जू ने शुक्रवार को एक बार फिर भारतीय सैनिकों को देश से बाहर निकालने की कसम खाई। मुइज्जू ने भारत का नाम तो नहीं लिया, लेकिन उन्होंने अपने सभी चुनावी वादों को पूरा करने को कहा। मुइज्जू के चुनावी वादों में भारतीय सैनिकों को मालदीव से निकालना भी शामिल है। राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद उन्होंने कहा कि देश में कोई भी विदेशी सैनिक नहीं होंगे।
इंजीनियर से नेता बने मोहम्मद मुइज्जू ने भारत के केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू समेत कई विदेशी हस्तियों की मौजूदगी में मालदीव के आठवें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण की। मुइज्जू ने ‘रिपब्लिकन स्क्वैयर’ पर आयोजित ‘पीपल्स मजलिस’ की विशेष सभा में पद की शपथ ली।
प्रधान न्यायाधीश मुथासिम अदनान ने मुइज्जू को पद की शपथ ग्रहण कराई। इस समारोह में हुसैन मोहम्मद लतीफ ने मालदीव के 10वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। मुइज्जू के साथ इस अवसर पर उनकी पत्नी साजिदा मोहम्मद भी मौजूद थीं।
