नई दिल्ली:- देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki ने वित्त वर्ष 2025 में घरेलू बाजार में कुल 17,95,259 पैसेंजर व्हीकल बेचे हैं. खास बात यह है कि कंपनी की कुल बिक्री में से CNG कारों की बिक्री करीब 6.20 लाख यूनिट रही. आंकडो़ं की माने तो पिछले साल बेची गई हर तीन Maruti Suzuki कारों में से एक CNG कार थी. जानकारी के अनुसार, कंपनी ने CNG वाहनों की बिक्री में साल-दर-साल 28 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है.
वित्त वर्ष 2025 में Maruti Suzuki CNG कारों की बिक्री
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि Maruti Suzuki के पास देश में सबसे बड़ा CNG पोर्टफोलियो है, जिसमें कुल 13 कारें शामिल हैं. कंपनी के पोर्टफोलियो में सिर्फ तीन कारों – Maruti Jimny, Ignis और Invicto को छोड़कर – मारुति की सभी कारें और एसयूवी फैक्ट्री फिटेड सीएनजी किट के साथ बेची जा रही हैं.
इस बिक्री से साफ होता है कि इतने बड़े मॉडल पोर्टफोलियो के साथ और उनमें से अधिकांश मॉडलों की मजबूत मांग के साथ, कंपनी की CNG बाजार पर मजबूत पकड़ है. साल 2024 के अंत तक, Maruti Suzuki की CNG सेगमेंट में 71.60 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी थी. Maruti के अलावा Tata Motors की 16.13 प्रतिशत और हुंडई की 10.04 प्रतिशत हिस्सेदारी थी. बता दें कि Maruti की Toyota के साथ साझेदारी की बदौलत Toyota की भी CNG स्पेस में 2.21 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ मौजूदगी हासिल की है.
Maruti की स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड कारों की बिक्री 2.4 प्रतिशत रही
वित्त वर्ष 2025 के बिक्री परिणामों की घोषणा करते हुए कंपनी ने यह बताया कि कंपनी ने 20,672 यूनिट स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड व्हीकल बेचे हैं, जो वित्त वर्ष 2025 में उसकी कुल बिक्री का 2.4 प्रतिशत है. यह वित्त वर्ष 2024 के मुकाबले में साल-दर-साल 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, और यह केवल दो मॉडलों – Grand Vitara और Invicto के साथ आता है.
Tata Motors की CNG कारों की बिक्री 35 प्रतिशत की वार्षिक बढ़ोतरी
वहीं दूसरी ओर Tata Motors की बात करें, तो कंपनी की CNG कारों की बिक्री के लिए कोई सटीक आंकड़ा जारी नहीं किया है, लेकिन कंपनी ने जानकारी दी है कि उसने CNG वाहनों की बिक्री में साल-दर-साल 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. कुल बिक्री के मामले में, Tata Motors CNG वाहनों की बिक्री में दूसरे स्थान पर है.
कंपनी की इनोवेटिव डुअल सिलेंडर CNG तकनीक ने सीएनजी वाहनों की एक प्राथमिक समस्या – बूट स्पेस – को काफी हद तक हल कर दिया है और अब इस तकनीक को प्रतिद्वंद्वी कार निर्माताओं ने भी अपना लिया है. ध्यान देने वाली बात यह है कि Tata Motors एकमात्र कार निर्माता कंपनी है, जो Tata Tiago और Tigor के CNG वेरिएंट के साथ ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन प्रदान कर रही है.