रायपुर
प्रदेश के भाजपा विधायकों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 5 अप्रैल को मुलाकात फिलहाल टल गई है। पीएमओ ने इस बात की जानकारी सोमवार रात नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के यहां फोन कर इस बात की जानकारी दी गई है। फिलहाल प्रधानमंत्री व्यस्त हैं इसलिए मुलाकात नहीं हो पाएगी। अगली तारीख तय होने पर सूचना देने की बात कही गई है। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने यह जानकारी अन्य विधायकों को भी दी है।
राजनीतिक परिस्थितियों के बारे में होनी थी चर्चा
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भी बताया था कि, प्रधानमंत्री से राजनीतिक परिस्थितियों के बारे में चर्चा करेंगे साथ ही विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की वस्तुस्थिति से भी अवगत कराएंगे। मामले में प्रदेश में राजनीति भी तेज हो गई थी। कांग्रेस के विधायक एवं संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने भाजपा विधायकों को पत्र लिखकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने की मांग की थी।
पत्रकार वार्ता में पूर्व सीएम ने कही थी ये बात
गौरतलब है कि, भाजपा विधायकों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात करने के लिए समय मांगा था। कोरोना वायरस संक्रमण काल में करीब चार वर्ष बाद प्रदेश के भाजपा दल के विधायक एक साथ मिलने जा रहे थे। शाम को पत्रकार वार्ता में पूर्व सीएम डा. रमन सिंह ने कहा था कि, प्रधानमंत्री से मिलकर उन्हें छत्तीसगढ़ आने के लिए निमंत्रण देंगे और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।