मध्यप्रदेश। पूर्व एसडीएम निशा बांगरे की चुनाव लड़ने की मंशा पर पानी फिरने के बाद कांग्रेस ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. निशा बांगरे को कांग्रेस का प्रदेश महामंत्री बनाया गया है. प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने निशा बांगरे को महामंत्री बनाने का पत्र जारी किया. अब बांगरे प्रदेश स्तर पर कांग्रेस का मोर्चा संभालेंगी और पार्टी के लिए प्रचार-प्रसार करेंगी.
कमलनाथ से मुलाकात ने सबकुछ बदल दिया
निशा बांगरे बैतूल की आमला विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ने की मंशा थी. कांग्रेस ने इस सीट पर उम्मीदवार के नाम को होल्ड भी किया था, लेकिन सरकार ने एसडीएम पद से निशा बांगरे का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था. जिसके बाद आमला सीट पर कांग्रेस ने मनोज मालवे को प्रत्याशी घोषित किया. कांग्रेस के आमला प्रत्याशी के नाम का ऐलान होने के बाद सरकार ने निशा बांगरे का इस्तीफा मंजूर कर लिया था. जिसके बाद निशा बांगरे ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया. माना जा रहा था कि निशा बांगरे अब निर्दलीय चुनावी मैदान में उतर सकती हैं. लेकिन कमलनाथ से मुलाकात के बाद सबकुछ बदल गया.
रोशनी यादव को भी दिया पद
इससे पहले निवाड़ी से टिकट की दावेदारी कर रही रोशनी यादव को भी कांग्रेस ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी. टिकट नहीं मिलने के बाद वे लंबा काफिला लेकर भोपाल पहुंची थीं. जिसके बाद उन्हें प्रदेश कांग्रेस महामंत्री का पद सौंपा गया था.
