कोरबा :- महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से सीएसईबी फुटबाल ग्राउंड में नववधू सम्मेलन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नववधूओं एवं महिलाओं, युवतियों द्वारा मेंहदी, रंगोली के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत बनाने, मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया। हाथों में आकर्षक मेंहदी रचाकर और मतदाताओं को प्रेरित करने वाले रंगोली बनाये गये। स्वीप अंतर्गत मतदाताओं के मनोबल को बढ़ाने और उन्हें मतदान के लिए आगे आने का संदेश देने वाली आकर्षक रंगोली ने सबको आकर्षित किया। नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाई ने सभी नववधुओं को मतदान के लिए शपथ दिलाते हुए अपने घर-परिवार के सदस्यों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।

मानव श्रृंखला बनाकर दिया संदेश-
सीएसईबी फुटबाल ग्राउंड में शिक्षा विभाग के माध्यम से स्कूल कॉलेज के विद्यार्थियों, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट गाईड तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया। नुक्कड़ नाटक एवं रैली के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया।

फ्लैश मॅाब कार्यक्रम से युवा मतदाताओं को किया जागरूक-
जिला प्रशासन द्वारा नये एवं युवा मतदाताओं को लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए कार्यक्रमों में लगातार शामिल किया जा रहा है। इसी कड़ी में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों द्वारा शहर के पॉममाल में फ्लैश मॉब कार्यक्रम के तहत डांस का आयोजन किया गया। इस दौरान मॉल में युवक-युवतियों सहित अन्य लोगों के बीच एक अलग माहौल नजर आया। कालेज छात्रों द्वारा ‘‘मैं भारत हूं‘‘ थीम पर थिरकते हुए मतदान में भाग लेने और भारत के लोकतंत्र को मजबूत बनाने की शपथ ली गई। कलेक्टर ने सभी विद्यार्थियों को शपथ दिलाकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की।

