
छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस दफा मामला मारपीट से जुड़ा हुआ है।
वायरल वीडियो में कर्मचारियों की भीड़ नजर आ रही है। कर्मचारियों से बात करते हुए बृहस्पत सिंह किसी को बुलाते हैं। जैसे ही कर्मचारी उनके सामने पहुंचता है, वे उसे कुछ बोलते हैं और फिर उसे जोरदार तरीके से थप्पड़ मारना शुरु कर देते हैं। एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ने के बाद भी बृहस्पत सिंह का गुस्सा कम नहीं होता तो वे उसका कॉलर पकड़कर घसीटते हैं और फिर उसे मारना शुरु कर देते हैं। विधायक की यह गुंडागर्दी की तस्वीरें वहां लगी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जो कि अब सोशल मीडिया में वायरल हो रही है।
घटना 3 मार्च की बताई जा रही है। बृहस्पत सिंह जिसके साथ मारपीट करने वीडियो में कैद हुए हैं वह व्यक्ति रामानुजगंज सहकारी बैंक का कर्मचारी है। पीड़ित कर्मचारियों में एक लिपिक राकेश कुमार पाल और दूसरा कर्मचारी अरविंद सिंह है जो कि भृत्य बैंक में भृत्य के पद पर कार्यरत है। पीड़ित कर्मचारी ने अंबिकापुर संभागीय कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की है। इसके साथ ही उसने विधायक से खतरा बताते हुए अपना स्थानांतरण कहीं और किए जाने की मांग की है। वहीं घटना से नाराज कर्मचारी संगठनों ने विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल का ऐलान कर दिया है। संभाग के सभी सहकारी बैंक के कर्मचारी दो दिन की हड़ताल पर जाएंगे।