हैदराबाद:- आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि संघ शुरू से ही संविधान के अनुसार सभी आरक्षणों का समर्थन करता रहा है, लेकिन कुछ लोग झूठे वीडियो प्रसारित कर रहे हैं।
देश में लोकसभा चुनाव जारी हैं। दो चरणों में 190 सीटों पर चुनाव हो चुके हैं और पांच चरण अभी बाकी हैं। हालांकि, संघ का साफ कहना है कि वह किसी भी प्रकार से राजनीति में नहीं है। इसके पहले भी कई पार्टियों के नेता भाजपा और आरएएस पर आरोप लगाते रहे हैं कि वे आरक्षण खत्म कर देंगे। वहीं, अब चुनावी समय में इसी दावे के साथ वीडियो सर्कुलेट हो रहा है, जिस पर मोहन भागवत ने सफाई दी है।
एक शैक्षणिक संस्थान में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भागवत ने कहा कि संघ की राय है कि जब तक जरूरत हो तब तक आरक्षण बढ़ाया जाना चाहिए। भागवत का यह बयान आरक्षण को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच चल रहे वाकयुद्ध के बीच आया है।
