भोपाल: मध्यप्रदेश के खंडवा लोकसभा और रैगांव, जोबट तथा पृथ्वीपुर विधानसभा उपचुनावों के लिए आज मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और दोपहर तीन बजे तक औसतन 52 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
चारों क्षेत्रों के 3944 मतदान केंद्रों में सुबह सात बजे सख्त सुरक्षा प्रबंधों और कोविड संबंधी उपायों के बीच मतदान शुरू हुआ। कुल 26 लाख 50 हजार से अधिक मतदाताओं में से दोपहर तीन बजे तक 52 प्रतिशत से अधिक लोगों द्वारा वोट डालने की सूचनाएं यहां पहुंची हैं। प्रारंभ में मतदान की गति अपेक्षाकृत धीमी थी, लेकिन बाद में इसमें गति देखी गयी। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।
चारों क्षेत्रों के 48 प्रत्याशियों की किस्मत शाम छह बजे तक इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कैद हो जाएगी और 02 नवंबर को मतगणना होगी।
खंडवा संसदीय क्षेत्र में कुल 2908 मतदान केन्द्र हैं। इसके अलावा पृथ्वीपुर में 306, रैगांव (अजा) में 313, और जोबट (अजजा) में 417 मतदान केन्द्रों मत मतदान चल रहा है। कुल 3944 मतदान केन्द्रों में से 865 मतदान केन्द्र संवेदनशील हैं। वहीं 874 मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग तथा 361 मतदान केन्द्रों पर सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।
खंडवा संसदीय क्षेत्र में कुल 19,68,805 मतदाता हैं, जिसमें से दोपहर तीन बजे तक 51.11 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके हैं। यहां भाजपा-कांग्रेस सहित कुल 16 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इसी तरह रैगांव उपचुनाव में 2,07, 443 मतदाता हैं जिसमें से 55.86 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग किया। रैगांव में कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं।
इसके अलावा जोबट विधानसभा उपचुनाव में 2,75,214 मतदाता हैं, जिसमें से दोपहर तीन बजे तक 46.12 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके हैं। यहां कुल 6 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। बुंदेलखंड अंचल के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में 1,98,542 कुल मतदाता हैं, जिसमें से 68.16 प्रतिशत मतदाताओं ने दोपहर तीन बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। पृथ्वीपुर में 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
निर्वाचन क्षेत्रों में राज्य के बाहर की विशेष सशस्त्र बल की 50 कम्पनियां और एमपी एसएएफ की 8 कम्पनियां तैनात की गई हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिये निर्वाचन केन्द्रों एवं निर्वाचन क्षेत्रों में 914 डीएसपी, नगर निरीक्षक, उप निरीक्षक और सहायक निरीक्षक, 6992 प्रधान आरक्षक-आरक्षक, 3123 होमगार्ड और 3945 विशेष पुलिस अधिकारी तैनात किये गये हैं। इसके अलावा 42 अंतर्राज्यीय नाके, 37 अंतर-जिला नाके, 55 फ्लाइंग स्कवाड और 64 स्टेटिक्स सर्विलांस टीमें तैनात की गयीं हैं।
खंडवा संसदीय क्षेत्र में मुख्य मुकाबला भाजपा के ज्ञानेश्वर पाटिल और कांग्रेस के राजनारायण सिंह पुरनी के बीच है। इसी तरह अलीराजपुर जिले की जोबट (अजजा) सीट पर भाजपा की पूर्व मंत्री सुलोचना रावत और कांग्रेस के महेश पटेल की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है। सतना जिले की रैगांव (अजा) सीट पर श्रीमती प्रतिमा बागरी (भाजपा) का मुख्य मुकाबला कांग्रेस की श्रीमती कल्पना वर्मा से है। इसके अलावा पृथ्वीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी शिशुपाल सिंह के मुकाबले में कांग्रेस के नितेंद्र सिंह राठौर हैं। भाजपा यह सीट कांग्रेस से छीनने के प्रयास में है, तो कांग्रेस इस पर अपना कब्जा बरकरार रखना चाहती है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार सिंह चौहान के निधन के वजह से खंडवा में उपचुनाव हो रहे हैं। इसी तरह जोबट में कांग्रेस नेता कलावती भूरिया, रैगांव में भाजपा के जुगलकिशोर बागरी और पृथ्वीपुर में कांग्रेस के पूर्व मंत्री बृजेन्द्र सिंह राठौर के निधन के कारण यह उपचुनाव हो रहे हैं।