नई दिल्ली:- केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत देश के 100 स्मार्ट शहरों में 600 किलोमीटर से ज्यादा साइकिल ट्रैक विकसित किए गए हैं और अब तक 76,000 से ज्यादा सीसीटीवी निगरानी कैमरे लगाए गए हैं।
इस मिशन के तहत ही 6,855 “स्मार्ट क्लासरूम” और 40 डिजिटल लाइब्रेरी का विकास किया गया है। साथ ही, 50 लाख से ज्यादा सोलर और एलईडी स्ट्रीटलाइट लगाए गए हैं और 89,000 किलोमीटर से ज्यादा भूमिगत बिजली केबल बिछाए गए हैं।
मंत्रालय ने बताया कि इन 100 शहरों में विशेष प्रयोजन वाली कंपनियां लगभग 8,000 बहु-क्षेत्रीय परियोजनाओं को विकसित कर रही हैं, जिनका मूल्य 1.7 लाख करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि इस साल 15 जनवरी तक 1.32 लाख करोड़ रुपये मूल्य की 6,650 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं।
आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं पर डेटा उस समय जारी किया जब मिशन की समय सीमा इस साल जून में खत्म होने वाली है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2015 में शुरू किया गया स्मार्ट सिटी मिशन भारत में 100 शहरों को विकसित करने का लक्ष्य लेकर चलाया गया था। इन शहरों का उद्देश्य “स्मार्ट समाधान” के उपयोग से अपने नागरिकों को मूलभूत अवसंरचना, स्वच्छ और टिकाऊ वातावरण और बेहतर जीवन स्तर प्रदान करना है।
मंत्रालय ने बताया कि 13,800 करोड़ रुपये से अधिक के कुल निवेश के साथ 674 आर्थिक बुनियादी ढांचा परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 263 और परियोजनाएं कार्यान्वयन के अधीन हैं। इन परियोजनाओं का लक्ष्य स्मार्ट शहरों को विकास केंद्रों के रूप में स्थापित करना है। जो निवेश आकर्षित करें और स्टार्ट-अप इनक्यूबेशन केंद्रों और बाजार पुनर्विकास परियोजनाओं के जरिए रोजगार पैदा करें।
स्मार्ट सिटीज इंडिया एक्सपो में पत्रकारों से बात करते हुए, मिशन डायरेक्टर कुणाल कुमार ने कहा कि इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के इंटीग्रेशन और निगरानी प्रणालियों से सड़क सुरक्षा में सुधार हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि 100 स्मार्ट शहरों में 76,000 से अधिक सीसीटीवी निगरानी कैमरे लगाए गए हैं, जो अपराध की निगरानी में मदद करते हैं।
शहरी विकास मंत्रालय ने आज एक बयान में बताया कि शहरी गतिशीलता को बढ़ावा देने के लिए स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 100 स्मार्ट शहरों में तकरीबन 1,300 स्मार्ट गतिशीलता परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 383 परियोजनाएं पूरी होने के करीब हैं।
बयान में कहा गया है, “स्मार्ट गतिशीलता परियोजनाओं के विकास में कुल निवेश 40,000 करोड़ रुपये से अधिक है।”
“इस मिशन के तहत 2,500 किलोमीटर से ज्यादा स्मार्ट सड़कें विकसित की गई हैं जिनमें सभी के लिए सुविधाजनक पहुंच, यूटिलिटी डक्ट और उचित साइनेज शामिल हैं। इसके अलावा, 7,500 से ज्यादा नए बसें, जिनमें 2,000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं, खरीदी गई हैं। साथ ही, 100 स्मार्ट शहरों में 600 किलोमीटर से ज्यादा साइकिल ट्रैक भी बनाए गए हैं।”
इसके अलावा, इंटीग्रेटेड कमांड और कंट्रोल सेंटर के जरिए से इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को लागू और मॉनिटर किया गया है। जो यातायात संचालन में सुधार कर रहा है, यातायात उल्लंघनों को काबू कर रहा है और यात्रा के समय में सुधार कर रहा है।
स्मार्ट शहरों में 308 ई-स्वास्थ्य केंद्र और क्लीनिक विकसित किए गए हैं और 255 स्वास्थ्य एटीएम स्थापित किए गए हैं।
