जबलपुर, 16 मार्च । मध्यप्रदेश के जबलपुर में आज आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने नेता सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर पदस्थ दम्पति के घर छापा मारकर पांच करोड़ रुपए से अधिक कीमत की बेनामी संपत्ति का खुलासा किया।
ईओडब्ल्यू जबलपुर के पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर डॉ अशोक साहू तथा उनकी पत्नी प्रोफेसर तृप्ति गुप्ता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ईओडब्ल्यू ने सीओडी कॉलोनी तथा एमआईजी कॉलोनी धनवंती नगर में दबिश दी।
ईओडब्ल्यू ने जांच के दौरान पाया कि डॉक्टर दम्पत्ति ने लगभग 1 करोड 57 लाख रूपये के तीन भूखण्ड क्रय किये है। भूखण्ड के निर्माण कार्या में लगभग 2 करोड 35 लाख रूपये व्यय किये गये है। इसके अलावा एलआईसी में लगभग 5 लाख 68 हजार रूपये तथा लक्जरी वाहन लगभग 7 लाख 40 हजार रूपये व्यय किये है। बैंक खाते तथा इंवेटरी के संबंध में जांच जारी है।
एसपी श्री राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में डॉक्टर दम्पति द्वारा 5 करोड 44 लाख रूपये की संपत्ति अर्जित करना और व्यय करना पाया गया है। डॉक्टर दम्पति की कुल आय लगभग 3 करोड 15 लाख रूपये थी। डॉक्टर दम्पति के पास दो करोड 30 लाख रूपये की आय से अधिक सम्पत्ति प्राप्त हुई है। दो आय के वैध स्त्रोत से 72 प्रतिशत अधिक है।