मुजफ्फरपुर
मुजफ्फरपुर शहर के बड़ी कल्याणी चौक स्थित मंदिर में परिसर में शनिवार की देर शाम एक युवक घुस आया। जूता उतारे बगैर वह भगवती की मूर्ति की ओर जाने लगा तो पुजारी ने रोक दिया। मंदिर के पुजारी पंडित विरेंद्र ठाकुर ने बताया कि उसे बाहर निकलने के लिए कहा तो हाथापाई करने लगा। उसके बाद परिसर मे ही उसने पेशाब कर दिया। जब लोग जुटने लगे तो फरार हो गया। जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी जुट गए और हंगामा करने लगे। इससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भाग रहे युवक को लोगों ने पकड़ लिया और पिटाई कर दी। आरोपी की पहचान दीवान रोड निवासी मो मोइनुद्दीन के रूप में हुई है।
हंगामा कर रहे आक्रोशित लोग युवक की गिरफ्तारी की मांग करने पर अड़ गए। इस बीच युवक के मोहल्ले के कुछ लोग उसके समर्थन में आ गए। इससे दोनों पक्षों के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुजारी ने यह भी बताया कि युवक मंदिर के गुंबद पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था लेकिन, उसे रोक दिया गया। उसके बाद आरोपी ने गंदी हरकत कर दी।
जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची नगर पुलिस के हाथ पांव फूलने लगे। पुलिस भागते हुए मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत करके हो हल्ला कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने आरोपी युवक को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। युवक को थाने पर लाकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
नगर थानाध्यक्ष श्रीराम सिंह ने कहा कि घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसमें कल्याणी बाड़ा दीवान रोड निवासी युवक को आरोपी बनाया गया है। एफआईआर में आरोप है कि युवक धार्मिक स्थल परिसर में चप्पल पहन कर दाखिल हो गया था। उसके द्वारा मंदिर मे पेशाब करने की बात कही जा रही है। पुलिस शिकायत के आलोक में तत्परता से छानबीन कर रही है।
घटना के बाद इलाके में गुपचुप तनाव व्याप्त है। इसे भांपते हुए विशेष पुलिस टीम ने शनिवार देर शाम में कल्याणी चौक और आसपास के मोहल्ले में फ्लैग मार्च निकाला। असामाजिक तत्वों को हिदायत दी गई। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई। नगर डीएसपी राघव दयाल ने बताया कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। शहरी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस की गश्ती भी तेज कर दी गयी है।