मध्यप्रदेश:- लोकसभा चुनाव उम्मीदवारों को लेकर गुरुवार को दिल्ली में बीजेपी की बड़ी बैठक हुई, जिसमें प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा की गई. बीजेपी आज मध्य प्रदेश की 29 सीटों पर लोकसभा उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर सकती है. प्रदेश की 23 लोकसभा सीटों से दावेदारों के नाम सामने आ चुके हैं. हर एक सीट से कई दावेदार हैं, जिनमें से किसी एक का नाम फाइनल हो सकता है. जानकारी के मुताबिक पार्टी इस बार कई मौजूदा सांसदों का टिकट काट सकती है, जिनमें कई दिग्गज नेताओं का नाम भी शामिल है.
दिल्ली में बीजेपी की बैठक
दिल्ली में बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आयोजित की गई थी. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत प्रदेश के दिग्गज नेता शामिल हुए. सीएम डॉ. मोहन यादव, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल भाजपा की चुनाव समिति की बैठक में शामिल हुए और उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की. जानकारी के मुताबिक प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लग चुकी है, अब जल्द ही लिस्ट जारी कर दी जाएगी.
भोपाल से कटेगा मौजूदा सांसद का पत्ता
जानकारी के मुताबिक भोपाल से मौजूदा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का टिकट काटा जा सकता है. चूंकि पैनल में भोपाल से जिन नेताओं के नाम भेजे गए हैं, उनमें पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व महापौर आलोक शर्मा, भोपाल बीजेपी के जिलाअध्यक्ष सुमित पचौरी और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा का नाम शामिल है.
जिन सांसदों ने विधानसभा चुनाव लड़ा था उनका सांसदी में टिकट कटना लगभग तय माना जा रहा है. माना जा रहा है कि 50 फीसदी मौजूदा सांसदों के टिकट कट सकते हैं.
