रायपुर:- महिलाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. 15 अगस्त से उनके नाम महतारी वंदन योजना में जोड़े जाएंगे. इसके बाद नाम जोड़ने वाली महिलाओं को प्रति महीने ₹1000 दिए जाएंगे. यह व्यवस्था फिलहाल बस्तर संभाग के लिए शुरू की गई है हालांकि इस योजना को लेकर अब कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं.
महतारी वंदन योजना: कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने 15 अगस्त से महतारी वंदन योजना का आवेदन लेने की प्रक्रिया सिर्फ बस्तर संभाग में शुरू करने पर सवाल उठाते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से पूछा है कि बस्तर के अलावा बाकी संभाग की महिलाये भी महतारी वंदन योजना में आवेदन करने का इंतजार कर रही है. नगर निगम चुनाव के दौरान उनसे वादा किया गया था जिन्हें महतारी वंदन योजना नहीं मिल रहा है. उन्हें फिर आवेदन का अवसर मिलेगा, फिर 15 अगस्त को महतारी वंदन योजना की शुरुआत सिर्फ बस्तर संभाग के लिए क्यों?
दुर्ग सरगुजा और बिलासपुर संभाग: धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि रायपुर दुर्ग सरगुजा और बिलासपुर संभाग की महिलाओं के साथ भेदभाव क्यों? चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादा करना और सत्ता मिलने के बाद धोखा बाजी करना भाजपा का चरित्र है
भाजपा ने फार्म भरवाया: धनंजय ठाकुर ने कहा कि विधानसभा चुनाव दौरान एक करोड़ से अधिक महिलाओं से भाजपा ने फार्म भरवाया था , अभी भी 40 प्रतिशत से अधिक महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है और योजना से जुड़ी 2 लाख से अधिक महिलाओं की छटनी की जा रही है।
महिला एवं बाल विकास विभाग: धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग को आखिर डर किस बात का है जो ऑनलाइन आवेदन के लिये वेब पोर्टल को चालू नहीं कर रहे हैं बल्कि बस्तर में गुपचुप तरीके से आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से आवेदन लिया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग क्या सिर्फ बस्तर की महिलाओं के लिए जिम्मेदार हैं बस्तर के अलावा प्रदेश की बाकी महिलाओं के प्रति विभाग क्यों नहीं सोच रहा.