गरियाबंद, 23 मार्च। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के अमलीपदर थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में एक ग्रामीण के साथ मारपीट की, जिसे उपचार के लिए रायपुर भेजा गया है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि जिले के ग्राम खरिपथरा निवासी धनीराम के साथ दो हथियारबंद नक्सलियों ने अमलीपदर इलाके में कल रात मारपीट की। नक्सलियों ने उसे अचेत अवस्था में सड़क किनारें छोड दिया था। नक्सलियों को उस पर पुलिस के लिए मुखबिरी करने का शक था। गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए मेडीकल कालेज हास्पिटल रायपुर भेजा गया है।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अनुज कुमार गुप्ता ने ग्रामीण की पिटाई नक्सलियों द्वारा किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण के चेहरे और सीने में चोटें आई हैं। नक्सलियों ने मौके पर पर्चा भी छोड़ा है। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।