मुजफ्फरपुर:- उत्तर बिहार की 12 सीटों पर एनडीए दम से ताल ठोक रहा। वहीं आईएनडीआईए गठबंधन के घटक दल अभी प्रत्याशी के चयन में ही उलझे हैं। राजद ने अपने खाते की सभी सात सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए हैं, लेकिन कांग्रेस और वीआईपी अभी उम्मीदवारों को परख रहीं हैं। इसमें वीआईपी के खाते में शामिल झंझारपुर की वह सीट भी है, जिस पर 12 अप्रैल यानी शुक्रवार से नामांकन शुरू होगा।
एनडीए के घटक दल भाजपा उत्तर बिहार की छह, जदयू चार और लोजपा दो पर चुनाव लड़ रही है। सभी ने अपने प्रत्याशी खड़े कर दिए हैं। वहीं, आईएनडीआईए की ओर से अपने हिस्से की सभी तीन सीटों पर कांग्रेस अभी प्रत्याशियों का चयन नहीं कर सकी है। सबसे आखिर में चुनावी सीन में आई वीआईपी को आईएनडीआईए में शामिल करते हुए राजद ने राज्य में जो तीन सीटें दी हैं, उनमें उत्तर बिहार की दो पूर्वी चंपारण और झंझारपुर हैं।
इन नामों पर हो रही है चर्चा
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी इन पर अभी प्रत्याशी नहीं तय कर सके हैं। उनके लिए भी प्रत्याशियों को फाइनल करना खेत से गन्ने चुनने जैसा हो गया है। यूं तो हवा में नाम तो कई तैर रहे, लेकिन आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं हो सकी है। इससे मुकाबला साफ नहीं हो रहा। कांग्रेस को मिली सीटों की बात करें तो लोजपा (रामविलास) के खाते में गई समस्तीपुर से टिकट की रेस में सन्नी हजारी, बीके रवि, अनिता राम व डॉ. अशोक कुमार के नाम की चर्चा चल रही है।
सन्नी हजारी बिहार सरकार के मंत्री महेश्वर हजारी के पुत्र हैं। वे कुछ ही दिन पहले कांग्रेस में शामिल हुए हैं। पश्चिम चंपारण से पूर्व मुख्यमंत्री केदार पांडेय के पौत्र शाश्वत केदार, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह के बेटे आकाश सिंह, बेतिया के पूर्व विधायक मदन मोहन तिवारी व बृजेश पांडेय के नाम की चर्चा है। मुजफ्फरपुर की सीट भी कांग्रेस के खाते में है।
पिछले दिनों यहां के भाजपा सांसद अजय निषाद टिकट कटने पर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उनकी उम्मीदवारी की चर्चा जोर से थी, लेकिन इस रेस में कांग्रेस के स्थानीय विधायक बिजेंद्र चौधरी भी हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के पुत्र आकाश का नाम इस सीट से भी चल रहा है। इस कारण पेच फंसा है।
चर्चा ही चर्चा एक भी नाम नहीं है फाइनल
पूर्वी चंपारण में वीआईपी से उम्मीदवार के रूप में केसरिया से पूर्व विधायक डॉ. राजेश कुमार, राजद नेता व नगर निगम के मेयर के पति देवा गुप्ता सहित तीन अन्य नाम की चर्चा है। कौन सिंबल लेकर पहुंचता है, यह देखने वाली बात होगी। झंझारपुर से पूर्व विधायक गुलाब यादव का टिकट पक्का होने की चर्चा है। बीते चुनाव में राजद के टिकट पर लड़े गुलाब को हार का सामना करना पड़ा था।
