नई दिल्ली: – ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के मध्य इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन वार्ता की। दोनों नेताओं ने इस संघर्ष की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की।
मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा, “मुझे इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फोन किया। उन्होंने मुझे वर्तमान परिस्थितियों से अवगत कराया। मैंने भारत की चिंताएं व्यक्त की तथा क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और स्थिरता बहाल करने की आवश्यकता पर बल दिया।”
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट जारी कर जानकारी दी कि उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं के साथ फोन पर वार्ता की है। इन नेताओं में जर्मनी की चांसलर, भारत के प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति शामिल हैं। साथ ही, उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्रिटिश प्रधानमंत्री से भी जल्द बातचीत करने की योजना बनाई है।
पोस्ट में आगे बताया गया कि इन वार्ताओं के दौरान विभिन्न नेताओं ने ईरान द्वारा उत्पन्न विनाश के खतरे को ध्यान में रखते हुए इजरायल की सुरक्षा आवश्यकताओं को समझने का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि वह आने वाले दिनों में भी इन नेताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखेंगे।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ चल रहे वर्तमान संघर्ष को लेकर एक महत्वपूर्ण बयान दिया। शुक्रवार को इजरायली वायुसेना ने ईरान की परमाणु सुविधाओं, मिसाइल उत्पादन केंद्रों और सैन्य कमांडरों को लक्षित करते हुए हवाई हमले किए, जिसमें कम से कम 78 लोगों की मौत हुई और 3 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
इजरायल ने इस सैन्य कार्रवाई को ‘ऑपरेशन राइजिंग लायन’ का नाम दिया है। नेतन्याहू ने इसे देश के इतिहास का एक निर्णायक मोड़ बताते हुए कहा कि इस हमले में ईरान के परमाणु कार्यक्रम के प्रमुख केंद्रों को निशाना बनाया गया था।
भारत ने जताई गहरी चिंता
भारत ने शुक्रवार को ईरान और इजरायल के बीच हाल में हुए तनाव पर गहरी चिंता जताई है और कहा है कि वह स्थिति को करीब से देख रहा है। भारत ने दोनों देशों से तनाव और बढ़ाने वाले किसी भी कार्रवाई से बचने का आग्रह किया। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायल ने ईरान के कई पर हिस्सों पर हमले किए हैं, जिनमें परमाणु स्थल, मिसाइल साइट्स तथा वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के ठिकाने शामिल हैं।
