नई दिल्ली:– डाइट में सब्जियों को शामिल जरूर करना चाहिए। इनके अंदर विटामिन, मिनरल होते हैं जो ताकतवर बनाते हैं। यह बीमारियों से बचाने में भी मदद करती हैं। यह आपके वजन को कंट्रोल रखने और दिल-दिमाग को हेल्दी बनाने का काम करती हैं। गाजर, मूली जैसी कई सारी सब्जी को लोग कच्चा ही खा लेते हैं।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ सब्जियों को कच्चा खाना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। यह किडनी स्टोन से लेकर लिवर डैमेज तक कर सकती हैं। इसलिए सब्जियों को खाने का सही तरीका मालूम होना चाहिए। सर्टिफाइड डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट किरण कुकरेजा ने 3 सब्जियों को कच्चा खाने से सख्त मना किया है। आइए इनके बारे में जानते हैं।
3 सब्जियों को कभी भी कच्चा नहीं खाना चाहिए, क्योंकि इनमें ई. कोली जैसे परजीवी और बैक्टीरिया या यहां तक कि टेपवॉर्म और टेपवॉर्म अंडे भी हो सकते हैं। यदि वे हमारी आंत, ब्लड फ्लो या मस्तिष्क में प्रवेश कर लेते हैं, तो वे सिस्टिक सिरोसिस, सिजर्स, सिरदर्द, लिवर डैमेज भी कर सकते हैं। यहां तक कि मांसपेशियों में सिस्ट जैसी गंभीर बीमारियों का कारण भी बन सकते हैं।
पालक
इनके अंदर ऑक्सालेट लेवल बहुत ज्यादा होता है। यह किडनी स्टोन का खतरा बढ़ाता है। इसलिए इन्हें खाने से पहले अच्छी तरह पका जरूर लें। आपको वेजिटेबल जूस के अंदर भी पालक के पत्तों को नहीं डालना चाहिए।

पत्ता गोभी
इस सब्जी के अंदर टेपवॉर्म नाम का कीड़ा और उसके अंडे हो सकते हैं। यह आंखों से नहीं दिख पाते हैं। अगर यह खून के अंदर पहुंच जाते हैं तो गंभीर बीमारी कर सकते हैं। इसलिए खाने से पहले इन्हें हमेशा गर्म पानी में पकाएं।

शिमला मिर्च
हमेशा इस सब्जी के ऊपर का हिस्सा हटा लें और इसके बीज निकाल लें। इसे फिर गर्म पानी के अंदर अच्छे से धो लें। इसके बीजों में टेपवार्म के अंडे मिले हो सकते हैं।

