दिल्ली। देश के दूसरे CDS जनरल अनिल चौहान ने आज पदभार ग्रहण कर लिया है। इस दौरान उन्होंने साउथ ब्लॉक, दिल्ली में गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। इससे पहले वह अपने पिता के साथ राष्ट्रीय युद्ध स्मारक गए और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके सामने सशस्त्र सेनाओं के तीनों अंगों के बीच समन्वय और महत्वाकांक्षी ‘थियेटर’ कमान के निर्माण का लक्ष्य है ताकि देश की सेनाओं को भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार किया जा सके।
पदभार ग्रहण करने के मौके पर सीडीएस जनरल चौहान ने कहा, ‘भारतीय सशस्त्र बलों में सर्वोच्च रैंक की जिम्मेदारी संभालने पर गर्व है। मैं चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के रूप में तीनों सेना की अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करूंगा। हम सभी चुनौतियों और मुश्किलों का मिलकर सामना करेंगे।’ वे नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बतौर अनिल चौहान तीनों सेनाओं के बीच तालमेल पर ध्यान केंद्रित करेंगे। 61 वर्षीय चौहान सैन्य मामलों के विभाग में सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे। केंद्र सरकार ने बुधवार को उन्हें नया सीडीएस मनोनीत किया था।