नई दिल्ली :- ईरान और इजरायल के बीच जंग छिड़ गई है। इसमें अमेरिका में सक्रिय रूप से कूद गया है, जबकि ब्रिटेन ने कहा है कि वह भी इजरायल की रक्षा के लिए तैयार है। इस बीच, भारत ने इजरायल में रह रहे अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है। यहां पढ़िए तीसरे विश्व युद्ध की आहट देने वाले इस घटनाक्रम से जुड़ा हर अपडेट
इजरायल पर ईरान ने की मिसाइलों की बौछार
भारतीय समयानुसार बीती रात ईरान ने इजरायल पर मिसाइलों की बौछार शुरू कर दी। यह सूचना मिलने पर ईरान की सड़कों पर लोग जश्न मनाने लगे, जबकि इजरायल में हड़कंप मच गया। सायरन बजने लगे और लोग घबराकर बंकर्स की ओर भागने लगे।
थोड़ी देर बाद ईरान ने इस हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि यह हमला हिजबुल्ला प्रमुख हसन नसरुल्ला और उनके साथ मारे गए ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड के उप प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल अब्बास निलफोरुशन तथा हमास प्रमुख इस्माइल हानिया की मौत का बदला है और उनका देश किसी भी जवाबी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार है।
इजरायल का पलटवार, सही समय पर देंगे जवाब
इजरायल ने भी तत्काल जवाब दिया। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा, साथ ही ईरान को धमकी दी कि सही समय पर इस हमले का बदला लिया जाएगा। इजरायली सेना का दावा है कि ईरान की ओर से लगभग 180 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। हालांकि ये सभी नाकाम कर दी गईं।
यह जंग नहीं थमेगी, समझिए क्रोनोलॉजी
इस हमले के एक दिन पहले ही हिजबुल्ला के खिलाफ जमीनी कार्रवाई के लिए इजरायली सेना मंगलवार को टैंकों के साथ दक्षिणी लेबनान में घुस गई।
अब इजरायल पर ईरान के इस हमले के साथ ही पश्चिम एशिया में युद्ध का संकट गहरा गया है क्योंकि अमेरिका इजरायल की मदद के लिए मैदान में कूद गया है।
अमेरिका ने कुछ घंटे पहले ही इजरायल को सचेत किया था। कहा था- ईरान बैलिस्टिक मिसाइलें दाग सकता है, जो 12 मिनट में ही लक्ष्य को भेद सकती हैं।
ईरान के हमले से ठीक पहले इजरायल के जाफा में आतंकी हमला हुआ। छह लोग मारे गए। इस दौरान सुरक्षा बलों ने दोनों आतंकी मार गिराए।
इजरायली मीडिया ने इजरायली सेना के हवाले से कहा कि इजरायल देर रात पूरे पश्चिम एशिया जोर हमले करेगा।
