नई दिल्ली:– नमो भारत के यात्री अपने लायल्टी प्वाइंटस रिडीम करके मुफ्त यात्रा का आनंद ले सकते हैं। एनसीआरटीसी द्वारा हाल ही में शुरू किए गए प्रोग्राम के तहत, यात्री नमो भारत ऐप के माध्यम से डिजिटल क्यूआर टिकट जनरेट करके या नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड का उपयोग करके यात्रा करने पर हर बार लायल्टी प्वाइंट अर्जित करते हैं। न्यूनतम 300 लायल्टी प्वाइंट जमा कर यात्री, उन्हें मुफ़्त यात्रा के लिए रिडीम कर सकते हैं।
लायल्टी प्रोग्राम के तहत, एनसीएमसी कार्ड का उपयोग करने वाले यात्रियों के एकत्रित प्वाइंटस, प्रत्येक परिचालन दिवस के अंत में यात्री के एनसीएमसी खाते में जमा किए जाते हैं। इन प्वाइंटस को यात्री अगले दिन चैक कर सकते हैं।
कैसे मिलेंगे आपको प्वाइंट्स
उदाहरण के लिए, यदि कोई यात्री अपनी यात्रा पर 100 खर्च करता है, तो उसे 10 के बराबर 100 प्वाइंट मिलते हैं, जो उसके एनसीएमसी खाते में जुड़ जाते हैं। एक बार पर्याप्त प्वाइंट जमा करने के बाद यात्री उसे रिडीम कर सकते हैं।
यात्रियों को बार-बार प्वाइंट्स रिडीम करने में असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए एक साथ पांच ट्रिप्स रिडीम कराने का भी प्रविधान रखा गया है। इन पांच ट्रिप्स के किराए के बराबर प्वाइंट्स यात्रियों के एनसीएमसी अकाउंट्स से काट लिए जाएंगे।
सात दिनों की निर्धारित समय सीमा के भीतर करना होगा ये काम
रिडीम कर प्राप्त की गई यात्राएं सात दिनों के लिए वैध रहती हैं, जिसका अर्थ है कि यदि पांच-ट्रिप पास रिडीम किया गया है, तो सभी पांच ट्रिप्स का उपयोग सात दिनों की निर्धारित समय सीमा के भीतर कर लिया जाना चाहिए।
एनसीएमसी का उपयोग करने वाले यात्री टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम), टिकट रीडर या टिकट काउंटर पर अपने संचित प्वाइंट की जांच कर सकते हैं।
