नई दिल्ली:– सरकारी नौकरी के आवेदन को आसान और अधिक सुलभ बनाने के लिए कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने अपने mySSC मोबाइल ऐप का नया और अपग्रेडेड वर्जन लॉन्च किया है. यह ऐप अब Google Play Store पर उपलब्ध है, जिससे खासकर ग्रामीण इलाकों के उम्मीदवार सीधे अपने मोबाइल फोन से SSC परीक्षाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे. इस पहल से उम्मीदवारों को कंप्यूटर सेंटर या साइबर कैफे जाने की जरूरत कम हो जाएगी, जो पहले कई दूरदराज के क्षेत्रों में उम्मीदवारों के लिए चुनौती थी.
SSC के चेयरमैन एस गोपालकृष्णन ने बताया कि अब उम्मीदवार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऐप के माध्यम से आधार-आधारित OTP और फेस ऑथेंटिकेशन की मदद से पूरा कर पाएंगे. इससे न केवल खर्च में कमी आएगी बल्कि आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के बिचौलिये भी खत्म होंगे. यह ऐप, क्यूबेशन कंसल्टिंग के सहयोग से विकसित किया गया है और SSC के पूरे भर्ती चक्र को पंजीकरण से लेकर अंतिम चयन तक ज्यादा सुरक्षित, पारदर्शी और यूजर के अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है.
ग्रामीण इलाकों के लिए बड़ी सुविधा
क्यूबेशन के सह-संस्थापक और CEO रवि कुमार ने बताया कि पहले कई उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म भरने के लिए निजी सुविधाओं के लिए भुगतान करना पड़ता था. नया mySSC ऐप इस समस्या का समाधान लेकर आया है और विशेष रूप से ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के लिए यह एक बड़ा बदलाव साबित होगा. ऐप आधार फेस ऑथेंटिकेशन को सपोर्ट करता है, जो बड़ी भर्ती प्रक्रियाओं में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक पहचान सत्यापन मुहैया कराता है. SSC के अधिकारियों के अनुसार जून 2025 से सभी SSC परीक्षा आवेदन सीधे इस ऐप के जरिए ही किए जा सकेंगे.
