पटना:- नीट पेपर लीक कांड की जांच में जुटी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो इस पूरे प्रकरण की जांच तेजी से करने में जुटी हुई है. अब उसकी नजर उस मास्टरमाइंड पर है, जिसने इस पेपर लीक कांड का अंजाम दिया. सीबीआई ने इस मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने के लिए खास रणनीति बनाई है. प्लान के तहत जांच एजेंसी सभी राज्यों से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की आपस की कड़ी को जोड़ने में लगी हुई है, ताकि इनकी चेन के सहारे असली गुनहगार तक पहुंचा जा सके.
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, नीट पेपर लीक कांड की जांच में जुटी सीबीआई ने मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए बनाई खास रणनीति बनाई है. इसके तहत अब तक इस मामले में सभी राज्यों में गिरफ्तार आरोपियों के आपसी संबंधों की पड़ताल में सीबीआई जुटी हुई है. सीबीआई ने अब तक की जांच में विभिन्न राज्यों में गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कॉन्ट्रेक्टर माना है. सीबीआई को शक है कि माध्यम से ही अभ्यर्थियों तक पेपर को पहुंचाया गया है.
साथ ही सॉल्वर गैंग से जुड़े पुराने शातिरों से भी सीबीआई पूछताछ करने जा रही है. इसके लिए बाकायदा पुराने आरोपियों की लिस्ट तैयार की गई है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों के मोबाइल लोकेशन को भी खंगाला जा रहा है.
इसके लिए खास तौर पर नीट परीक्षा के 3 महीने पहले के मोबाइल रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है, ताकि लोकेशंस के जरिये भी कड़ी से कड़ी जुड़ सके. जांच एजेंसी हजारीबाग से हिरासत में लिए गए ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल और चिंटू व बलदेव के संबंधों की पड़ताल में जुटी हुई है.
