नई दिल्ली:– अभी तक आपने ‘हम दो हमारे दो’ का कॉन्सेप्ट सुना होगा. लेकिन, मध्य प्रदेश में तीसरा बच्चा पैदा करने पर 51 हजार रुपये मिलेंगे. यह फैसला जरूर चौंकाने वाला है, लेकिन माहेश्वरी समाज की लगातार कम होती संख्या को देखते हुए समाज के लोगों ने यह फैसला लिया है. हालांकि, यह फैसला सिर्फ माहेश्वरी समाज के लोगों पर ही लागू होगा.
दरअसल, माहेश्वरी समाज ने अपनी घटती आबादी को देखते हुए यह अनोखा फैसला लिया है. जहां समाज के लोगों को तीसरे बच्चे के पैदा होने पर 51,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा. इसके अलावा, 21 साल की उम्र में शादी और 1 साल के अंतराल में संतान पैदा होने पर 21,000 रुपये की नकद राशि भी दी जाएगी.
लगातार घट रही माहेश्वरी समाज की जनसंख्या
माहेश्वरी सभा के जिला अध्यक्ष शरद काबरा ने बताया कि इस फैसले के पीछे का मकसद समाज की आबादी बढ़ाना है. उन्होंने कहा कि कभी माहेश्वरी समाज की जनसंख्या 20 से 25 लाख हुआ करती थी. जो अब घटकर 7 या साढ़े 7 लाख तक पहुंच गई है. उन्होंने बताया कि तीसरी संतान होने पर 51 हजार रुपये मिलेंगे ही, शिक्षा के लिए भी आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी. जहां समाज द्वारा एक निश्चित राशि बैंक में फिक्स डिपॉजिट की जाएगी.
उद्योग और सेवा के क्षेत्र में समाज रहा आगे
उन्होंने बताया कि माहेश्वरी समाज उद्योग और सेवा के क्षेत्र में हमेशा अव्वल रहा है. समाज की संख्या कम होने के कारण व्यापार में भी कमी आएगी. उन्होंने बताया कि तीसरी संतान पैदा करने वाले माता-पिता को भी समाज द्वारा सम्मानित किया जाता है. गौरतलब है कि जबलपुर में करीब 150 परिवार और मध्य प्रदेश में मात्र 4500 परिवार ही निवास करते हैं, जिसके चलते समाज ने यह फैसला लिया.
