मध्यप्रदेश:– शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व सोमवार से शुरू होने वाला है. इन नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा, उपवास, भजन-कीर्तन और प्रसाद का विशेष महत्व होता है.
खीर एक पारंपरिक और प्रिय प्रसाद है जिसे श्रद्धा और प्रेम से मां को अर्पित किया जाता है. खासकर बादाम खीर न केवल स्वादिष्ट होती है बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है, व्रत में ऊर्जा देने वाली. आइए जानते हैं बादाम खीर बनाने की रेसिपी.
सामग्री
दूध (फुल क्रीम) – 1 लीटर
बादाम – 15-20 नग (भीगे हुए और छिले हुए)
साबूदाना / समा चावल – 2-3 टेबलस्पून
मखाने – 1/2 कप (भुने और हल्के कुचले हुए)
देशी घी – 1 टीस्पून
शुद्ध मिश्री / फलाहारी चीनी – स्वाद अनुसार
हरी इलायची पाउडर – 1/2 टीस्पून
केसर – कुछ धागे (गर्म दूध में भिगोए हुए)
काजू / पिस्ता (सजाने के लिए)
- एक भारी तले के बर्तन में दूध उबालने रखें. धीमी आंच पर दूध को तब तक पकाएं जब तक वह थोड़ा गाढ़ा न हो जाए.
- देशी घी में मखानों को हल्का कुरकुरा होने तक भून लें. इन्हें मोटा-मोटा तोड़ लें या दरदरा कूट लें. साबूदाना या समा चावल डालें. इन्हें अच्छे से धोकर भिगो लें और दूध में डालें. 10-15 मिनट तक पकने दें.
- अब कटे हुए बादाम और मखाने दूध में डालें और 10 मिनट पकाएं ताकि सब कुछ अच्छे से मिल जाए.
- स्वाद अनुसार मिश्री या फलाहारी चीनी डालें. इलायची पाउडर और केसर वाला दूध भी डालें. खीर को तब तक पकाएं जब तक वह वांछित गाढ़ापन न ले ले.
- ऊपर से कटे काजू-पिस्ता डालें. गरम या ठंडी, जैसे चाहें वैसे परोसें.
