बिहार:- आज पूरे देश में महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र की कामना कर दिन भर भूखे प्यासे रहकर हरतालिका तीज व्रत रख रही हैं लेकिन तब क्या हो जब वही पति अपनी पत्नी की जान ले ले। ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहां एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी जिसने उसकी लम्बी उम्र के लिए व्रत रखा था। पूरा मामला बिहार का है। जानकारी के मुताबिक महिला का पति शराबी है और उसे अपनी पत्नी का व्रत रखना रास नहीं आया जिस वजह से उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।
गोपालगंज जिला स्थित फुलवरिया थाना इलाके के मांझा चर्तुभुज गांव में संजू देवी की शादी 4 साल पहले मांझा चर्तुभुज गांव के छोटन राम के साथ हुई थी। शादी के पहले से ही आरोपी पति शराब की लत में डूबा रहता था जिसे छुड़ाने के लिए उसकी पत्नी देवी-देवताओं की पूजा पाठ करती थी। बताया जा रहा है कि शराबी पति को आज महिला का व्रत रखना पसंद नहीं आया और उसने अपनी पत्नी की पीट-पीट कर हत्या कर दी। इतना ही नहीं आरोपी ने उसके शव को आत्महत्या का रुप देने के लिए उसे फांसी में टांग दिया।
इस पर आरोपी ने कहा कि वो कुछ देर के लिए बाहर गया और जब आकर देखा तो उसकी पत्नी का शव फंदे से लटका हुआ था। मृतका के परिजनों ने बताया कि आरोपी दामाद हैवान था और वो गुस्से में उनकी बेटी का मुंह पानी में भी डुबो देता था। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इन्तजार किया जा रहा है।