रायपुर, 29 नवम्बर।छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए टोकन लेने की होड़ में आज लगभग डेढ़ दर्जन महिलाएं कुचलकर घायल हो गई।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बालोद जिले के पीपरछेड़ी धान खरीद केन्द्र के प्रबन्धक ने टोकन वितरित करने के लिए चार गांवों के किसानों को आज बुलाया था।टोकन के लिए देर रात्रि से ही खरीद केन्द्र पर किसान जुटना शुरू हो गए थे,जिसमे बड़ी संख्या में महिलाएं भी थी।प्रबन्धक के पहुंचने पर टोकन वितरित करने के लिए जैसे ही केन्द्र का गेट खुला,टोकन पहले हासिल करने की होड़ में 17 महिलाएं कुचलकर घायल हो गई।इनमें तीन गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए,और सभी घायलों को पीपरछेड़ी के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर उपचार के लिए भर्ती करवाया गया हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए इस लचर व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जिम्मेदार ठहराया हैं।डा.सिंह ने ट्वीट कर कहा कि..अन्नदाता अपनी उपज बेचने के लिए कितना परेशान हैं कि घऱ की औरते तक लाइन में लगी हैं।रो रही हैं,चीख रही हैं और घायल हो रही हैं।किसानों ,महिलाओं की यह दुर्दशा देखकर तकलीफ होती हैं..।