दुर्ग :- भारतीय सेना ने आखिरकार पहलगाम हमले का बदला ले लिया. 7 मई तड़के 1 बजे के बाद ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च हुआ. जिसमें पाकिस्तान के ऊपर एयर स्ट्राइक किया गया.इस एयर स्ट्राइक में पाकिस्तान के अंदर चल रहे नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया.जिसमें मोस्ट वांटेड आतंकी मसूद अजहर के परिवार के साफ हो जाने की खबर है. वहीं पाकिस्तान के डिप्टी पीएम इशाक डार ने है कि भारत ने पाकिस्तान के सरहदी इलाकों में चल रहे आतंकी कैंप को निशाना बनाया है.
हर तरफ खुशी की लहर : इस ऑपरेशन के सफल होने के बाद दुर्ग जिले में देशभक्ति और गर्व की लहर दौड़ गई. लोग तिरंगा झंडा लेकर सड़कों पर उतरे, भारत माता की जय के नारे गूंजने लगे और मिठाइयां बांटी गईं. हर उम्र और वर्ग के नागरिकों ने इस ऑपरेशन का खुले दिल का स्वागत किया है.लोगों ने कहा कि ये अभी भारत की ओर से ट्रेलर है, अब समय आ चुका है कि पाक अधिकृत कश्मीर को भारत पूरी तरह से अपने कब्जे में ले ले.ताकि आतंकियों को दोबारा पनपने का मौका ना मिले.विधायक देवेंद्र यादव ने भारतीय सेना को बधाई देते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर पाकिस्तान के लिए एक चेतावनी है.
अगर युद्ध हुआ तो मैं सीमा पर खड़ा रहूंगा, मैं भारत का बेटा हूं, पीछे नहीं हटूंगा. अब पाकिस्तान भारत की ओर आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं करेगा- देवेंद्र यादव, विधायक भिलाई नगर
वहीं सांसद विजय बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश ने आतंकवाद के खिलाफ जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है.
भारत अब आतंकवाद को उसके घर में घुसकर खत्म करेगा. प्रधानमंत्री का यह कदम देश के लिए गौरव का विषय है- विजय बघेल सांसद दुर्ग लोकसभा
ऑपरेशन सिंदूर भारत की आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति और जवाबी रणनीति का प्रमाण है. यह कार्रवाई न केवल आतंकवादियों के लिए चेतावनी है, बल्कि पाकिस्तान को भी यह स्पष्ट कर दिया गया है कि भारत अब सहन नहीं करेगा. दुर्ग सहित पूरे देश में उत्साह और देशभक्ति की भावना चरम पर है. यह ऑपरेशन भविष्य की उस नीति की नींव है, जिसमें भारत न सिर्फ अपनी रक्षा करेगा, बल्कि अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए पहले प्रहार की नीति अपनाने से भी नहीं हिचकेगा.
भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के एयर स्ट्राइक की है. जिन आतंकियों के गढ़ों को निशाना बनाया गया है वो आतंकवादी समूहों लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के गढ़ हैं. वायुसेना के हमलों में जैश-ए-मोहम्मद के चार, लश्कर-ए-तैयबा के 3 और हिज्बुल मुजाहिदीन के 2 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया.
भारत के 244 जिलों में आज मॉक ड्रिल: भारत पाक तनाव को देखते हुए देशभर के 244 जिलों में आज सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल प्रस्तावित है. जो शाम 4 बजे से सभी जगह एक साथ शुरू होगी. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कलेक्ट्रेट सभागार में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल किया जाएगा.