नई दिल्ली :- भारत ने पाकिस्तान के 100 से अधिक आतंकियों का सफाया कर दिया है. यह जानकारी गुरुवार को ऑल पार्टी बैठक में दी गई है. इस बैठक में यह भी बताया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है. बुधवार को भी सेना प्रमुख ने कहा था कि पिक्चर अभी बाकी है. ऑपरेशन सिंदूर छह-सात मई की रात को शुरू किया गया था. इसके तहत भारत ने नौ जगहों पर हमले किए.
ऑपरेशन की जानकारी सभी राजनीतिक पार्टियों को देने के लिए सरकार ने आज बैठक बुलाई थी. जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार सरकार ने सटीक आंकड़ों के बारे में नहीं बताया है. सिर्फ इतना कहा गया है कि ऑपरेशन जारी है और 100 से अधिक आतंकी मारे गए हैं.
सरकार ने यह भी बताया कि आंकड़ों को लेकर अभी कुछ कहना सही नहीं होगा, क्योंकि ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है. सरकार ने यह भी साफ कर दिया है कि वह अपनी ओर से पाकिस्तान पर कोई कार्रवाई तब तक नहीं करेगा, जब तक कि वह खुद कोई भी उकसावे वाली हरकत न करे.
आपको बता दें कि 22 अप्रैल को आतंकियों ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आम पर्यटकों पर हमला किया था. इसमें कुल 26 लोग मारे गए थे. इस हमले के बाद पूरे देश में गुस्सा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि देश इस हमले का बदला लेकर रहेगा और उनको भी सबक सिखाएगा जो इन्हें पनाह देते हैं.
हालांकि, पाकिस्तान ने अपनी भूमिका होने से इनकार किया है, लेकिन जिस तरह के साक्ष्य सामने आए हैं, उसके बाद उसकी बोलती बंद हो गई है. भारत सरकार में सचिव स्तर के पूर्व अधिकारी तिलक देवाशीर ने मीडिया को बताया कि पहलगाम पर हमले करने वाले चारों आतंकियों के पास चीन के फोन थे और ये फोन चीन सिर्फ पाकिस्तान आर्मी के लिए उपलब्ध करवाता है.
उनके इस बयान से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस हमले के पीछे कौन-कौन लोग हो सकते हैं. संभवतः यही वजह है कि इस बार भारत ने साफ कर दिया है कि बहुत हुआ, जब तक आतंकियों के आकाओं को ठिकाने नहीं लगा दिया जाता है, तब तक वे अपनी कार्रवाई जारी रखेंगे.
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि पहलगाम हमला पाकिस्तानी सेना ने जानबूझकर करवाया है, उसका मकसद है पाकिस्तानी सत्ता में अपनी अहमियत को बनाए रखना. साथ ही वह किसी भी हाल में यह नहीं चाहता है कि कश्मीर में आर्थिक स्थिति बेहतर हो. वह कश्मीरियों को देश के बाकी हिस्सों से लड़वाना चाहता है. लेकिन बुधवार को भारत ने जिस तरह से ऑपरेशन सिंदूर को लेकर जिन अधिकारियों के जरिए जानकारी दी, उसने पूरी दुनिया को बडा़ संदेश दिया है.
कर्नल सोफिया कुरैशी ने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में बताते हुए कहा कि रात के 1.05 बजे से 1.30 बजे के बीच लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मुहम्मद के मुख्यालयों समेत भारत में आंतकवाद फैलाने में शामिल अन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया. विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा कि इस दौरान भारत ने सटीक क्षमता और विशिष्ट प्रौद्योगिकी हथियारों का प्रयोग किया था. भारत ने यह भी साफ कर दिया कि उसने किसी भी पाकिस्तानी नागरिक या फिर पाकिस्तानी सैन्य संस्थानों को टारगेट नहीं किया है.