हैदराबाद:- पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में फंसी यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को लेकर नया खुलासा हुआ है. बताया जा रहा है कि उसका हैदराबाद से भी कनेक्शन था. खुफिया एजेंसियां की नजर अब इन पहलुओं पर भी गई है. इस बीच खबर है कि आरोपी ज्योति पाकिस्तान के साथ चीन भी गई थी. इस मामले में खुफिया एजेंसियां के लिए जांच का दायरा बढ़ता ही जा रहा है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पहलगाम हमले से पहले आरोपी ज्योति पाकिस्तान गई थी और वहां आईएसआई एजेंटों के संपर्क में थी. इससे भी चौंकाने बात सामने आयी है कि वह हमले से पहले पहलगाम भी गई थी. जांच एजेंसियां सभी दृष्टिकोणों से इस मामले की जांच में जुटी है.
पाकिस्तान के लिए जासूसी करने और भारत की संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान को देने के आरोप में गिरफ्तार हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा का हैदराबाद से भी कनेक्शन होने का मामला प्रकाश में आया है. सितंबर 2023 में प्रधानमंत्री मोदी हैदराबाद-बैंगलोर वंदे भारत ट्रेन का वर्चुअली शुभारंभ किया था.
उस समय सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर तत्कालीन राज्यपाल तमिलिसाई, केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और बंदी संजय के साथ यूट्यूबर के तौर पर वीडियो बनाकर उसने हलचल मचा दी थी. आरोपी ज्योति का हैदराबाद में किन लोगों से जान पहचान है और उस दौरान उसने कौन से लोगों से मुलाकात की थी.
क्या उसने यहां कोई संवेदनशील वीडियो बनाया? अब यह चर्चा का विषय बन गया है. इन पहलुओं पर खुफिया एजेंसियां जांच की दिशा को आगे बढ़ा सकती है. फिलहाल पाकिस्तान के साथ चीन जा चुकी यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा से पूछताछ जारी है. ज्योति मल्होत्रा को हाल ही में हरियाणा में पाक जासूसी मामले में गिरफ्तार किया गया.