मध्यप्रदेश। कांग्रेस ने पहली सूची में दतिया सीट से अवधेश नायक को टिकट दिया था जो कुछ महीने पहले ही बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे. लेकिन दिल्ली में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में अवधेश नायक की उम्मीदवारी को लेकर बड़ा विरोध हो गया और इस कारण कांग्रेस ने अब दतिया से अवधेश नायक को हटाकर अपने पुराने नेता राजेंद्र भारती को टिकट दिया है.
अवधेश नायक को कुछ ही महीने पहले कमलनाथ ने कांग्रेस में शामिल कराया था. अवधेश नायक लंबे समय तक बीजेपी में थे और ऐसा माना जाता था कि वे नरोत्तम मिश्रा के बेहद करीबी रहे हैं, लेकिन 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ मुद्दों को लेकर मतभेद हुए और उसके बाद से ही क्षेत्र में ऐसी बातें चर्चाओं में आई कि अवधेश नायक ने नरोत्तम मिश्रा से दूरी बना ली हैं.
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को था अवधेश नायक पर संदेह?
अवधेश नायक के नरोत्तम मिश्रा से दूरी बना लेने की बातों पर स्थानीय कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को यकीन नहीं हुआ और उन्होंने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व तक ये मैसेज पहुंचाया कि बीजेपी छोड़कर अवधेश नायक कांग्रेस में इसलिए आए हैं, ताकि कहीं न कहीं अंदरखाने में उनका सपोर्ट बीजेपी प्रत्याशी नरोत्तम मिश्रा को मिल जाए. अब कार्यकर्ताओं के इस संदेह में सच कितना है, ये तो कांग्रेस ही जाने, लेकिन इस एक बात ने केंद्रीय चुनाव समिति को मजबूर कर दिया कि अवधेश नायक को दिया टिकट वापस लेकर कांग्रेस के पुराने कद्दावर नेता राजेंद्र भारती को दें.
