पेटीएम ई-कॉमर्स ने अपना नाम बदलकर पाई प्लेटफॉर्म्स कर लिया है. साथ ही ऑनलाइन रीटेल कारोबार में हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए बिट्सिला का अधिग्रहण किया है. बिट्सिला ओएनडीसी पर एक सेलर्स प्लेटफॉर्म है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने करीब तीन महीने पहले नाम बदलने के लिए आवेदन किया था. आठ फरवरी को उसे कंपनी रजिस्ट्रार से मंजूरी मिल गई थी.
कंपनी रजिस्ट्रार की आठ फरवरी की अधिसूचना के मुताबिक, इस प्रमाणपत्र की तारीख से कंपनी का नाम पेटीएम ई-कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड से बदलकर पाई प्लेटफॉर्म्स प्राइवेट लिमिटेड कर दिया गया है.
इस कंपनी की है अधिक हिस्सेदारीएलिवेशन कैपिटल पेटीएम ई-कॉमर्स में सबसे बड़ा शेयरधारक है. इसे पेटीएम के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विजय शेखर शर्मा, सॉफ्टबैंक और ईबे का भी समर्थन प्राप्त है. सूत्रों ने बताया कि कंपनी ने अब इनोबिट्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (बिट्सिला) का अधिग्रहण कर लिया है. इसे 2020 में पेश किया गया था. यह फुल-स्टैक ओमनीचैनल और हाइपरलोकल कॉमर्स क्षमता के साथ ओएनडीसी विक्रेता मंच के रूप में काम करता है.
ओएनडीसी नेटवर्क के साथ कर रहा कामओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) कॉमर्स एंड इंडस्ट्री मिनिस्ट्री की एक पहल है. इसका मकसद छोटे रीटेल विक्रेताओं को डिजिटल कॉमर्स का फायदा उठाने में मदद करने के वास्ते एक सुविधाजनक मॉडल तैयार करना है.
