भोपाल:- मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव को देखते हुए भाजपा ने आज अपना घोषणा पत्र जारी किया। भाजपा ने इस घोषणा पत्र को संकल्प-पत्र नाम दिया है। भाजपा ने इस घोषणा पत्र में गरीबों, किसानों और महिलाओं को साधने का काम किया है। भाजपा के घोषणा पत्र जारी होने के बाद से कांग्रेस लगातार भाजपा पर निशाना साध रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी भाजपा पर निशाना साधा है।
कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा कि, झूठ बोलने के लिए बहुत कलेजा चाहिए होता है। शिवराज जी, आपने मध्य प्रदेश का कोई शहर-कस्बा नहीं छोड़ा, जहां पर आपने बहनों को ₹3000 देने का वादा करने वाले होर्डिंग बैनर न लगाए हों। लेकिन आज जब आपने संकल्प पत्र जारी किया तो इस घोषणा का अपने हाथों से गला घोंट दिया।
