डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी जैसे राजपत्रित पदों के लिए परीक्षा लेने वाले छत्तीसगढ़ लोकसेवा आयोग (सीजी पीएससी) ने पहली बार 91 चपरासियों (प्यून) की भर्ती की प्रक्रिया भी अपने हाथ में ली है। प्यून बनने के लिए जरूरी योग्यता में आठवीं पास होना तो है ही, चयनित को साइकिल चलानी भी आनी चाहिए।
आवेदन इतने ज्यादा आ गए कि साइकिल चलाना आता है या नहीं, इसके परीक्षण का कोई सिस्टम नहीं बनाया जा सका है। लिखित परीक्षा के नतीजों के बाद जितने पात्र होंगे, उनसे मौखिक तौर पर पूछा जाएगा कि साइकिल चला सकते हैं या नहीं।चपरासी के 91 पदों के लिए करीब सवा दो लाख फार्म मिले हैं। भर्ती के लिए संयुक्त भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा सितंबर में होने की संभावना है। अफसरों का कहना है कि आवेदन की प्रक्रिया पिछले दिनों खत्म हुई, अब भर्ती परीक्षा की तैयारी की जा रही है। लिखित परीक्षा में संबंधित पद से पांच गुणा ज्यादा छात्र अगली परीक्षा यानी शुद्ध लेखन की परीक्षा के लिए क्वालिफाई होंगे। शुद्ध लेखन यानी इमला लिखने की परीक्षा 50 नंबर की होगी। इसके बाद चयन सूची जारी होगी। माना जा रहा है कि साल के आखिरी तक दोनों परीक्षाएं हो जाएंगी।चपरासी भर्ती के लिए दो चरणों में परीक्षा होगी।
पहले चरण में संयुक्त भर्ती परीक्षा होगी। इसमें छत्तीसगढ़ एवं भारत का सामान्य ज्ञान, अंग्रेजी, हिंदी, गणित और छत्तीसगढ़ भाषा से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। सभी सवाल ऑब्जेक्टिव रहेंगे। 150 अंकों के लिए यह परीक्षा होगी। इसमें निगेटिव मार्किंग भी होगी, यानी गलत सवाल पर सही जवाब के एक तिहाई नंबर काटे जाएंगे।