सीधी, 17 मार्च। मध्यप्रदेश के सीधी जिले के अमिलिया थानांतर्गत बहरी-हनुमना रोड पर कोदौरा गांव के पास
ट्रक की चपेट में आने से एक बालिका की मृत्यु के बाद लोगों ने लगभग तीन घंटे तक चक्काजाम किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मवेशियों को ले जा रहे ट्रक की चपेट में आने से कल दस वर्षीय अंकिता पटेल की मौत हो गयी। इस हादसे गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर ही चक्काजाम कर दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन वो सफल नहीं हो सका। हालाकि चालक और उसमें सवार लोग वाहन छोड़कर भाग निकले। इसके बाद वहाँ मौजूद ग्रामीणों ने बालिका का शव रखकर प्रदर्शन किया, जिस वजह से सड़क के दोनों ओर लंबी कतारें लग गयीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और उनकी समझाइश पर ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।