वॉशिंगटन: अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स (यूएफओ) या उड़नतश्तरियां हमेशा से ही लोगों के लिए रहस्य रही हैं. क्योंकि ये जुड़ी हैं उन दूसरी दुनिया के लोगों से जो सिर्फ हमारी कल्पनाओं में हैं, हमारे सामने नहीं हैं- यानी एलियंस. यूएफओ के किस्से हम अक्सर सुनते हैं, ये अक्सर दिखाई भी देते हैं, लेकिन (यूएफओ)आज तक अनसुलझे रहस्य ही बने हुए हैं.
आसमान में उड़ती दिखने वाली इन अजीब चीजों को अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स (यूएफओ) कहते हैं, लेकिन अब वैज्ञानिक समुदाय ने इन्हें अनआइडेंटिफाइड एरियल फिनोमिना नाम दिया है. बहरहाल, (यूएफओ) से जुड़ी सबसे ताजा जानकारी के मुताबिक, पिछले दो महीनों में प्रशांत महासागर के ऊपर कई बार UAP देखे गए हैं.
दर्जनों पायलटों ने यूएपी देखने की बात कही है. FBI के पूर्व एजेंट और डिस्कवरी+ शो ‘यूएफओ विटनेस’ के होस्ट बेन हेन्सन ने इन फुटेज और इनकी एयर ट्रैफिक कंट्रोल रिकॉर्डिंग हासिल कर ली है. इन घटनाओं को साउथवेस्ट एयरलाइंस, हवाइन एयरलाइंस और अन्य एयरलाइंस के पायलटों ने देखा था. इन्होंने अपने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स को एक अजीब विमान की सूचना दी थी. हैरान करने वाली बात तो यह है कि इन पायलटों में से एक, मार्क हल्सी जो पूर्व सैन्य पायलट भी हैं, उन्होंने कथित तौर पर अपने ऊपर 5,000 से 10,000 फीट के बीच एकसाथ तीन यूएपी को उड़ते हुए देखा.
हल्सी कहते हैं ‘वे बस गोल-गोल घूम रहे थे. मैं मरीन कॉर्प्स में एक F-18 पायलट था, मैंने कई इंटरसेप्ट किए हैं, लेकिन मैंने ऐसा कुछ पहले कभी नहीं देखा था.’ बेन हैनसेन के मुताबिक, इन अजीब रोशनी वाले फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स को 15 से ज्यादा कमर्शियल फ्लाइट्स ने देखा था. और अगर एजेंसियां इसकी जांच करती हैं, तो इनमें से कई पायलट सहयोग करने को तैयार हैं.
अमेरिकी सरकार की एजेंसी, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के एक अधिकारी का कहना है कि अगर कोई एयर ट्रैफिक कंट्रोल ऐसी किसी भी तरह की अजीब साइंटिंग को सबूतों के साथ रिपोर्ट करती है, तो यह एजेंसी उन रिपोर्ट्स को डॉक्यूमेंट करती है. इस तरह की रिपोर्ट्स को यूएपी टास्क फोर्स के साथ शेयर किया जाता है.
पिछले साल अमेरिकी रक्षा विभाग ने यूएपी टास्क फोर्स को लॉन्च किया था, ताकि यूएपी को खोजा और पहचाना जा सके. आपको बता दें कि नासा ने भी इसी साल जून में यूएपी पर एक इंडिपेंडेंट स्टडी की भी घोषणा की थी.