नई दिल्ली :- रामनगरी अयोध्या में एक बार फिर भव्य रामलीला की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार भी अयोध्या में होने वाली रामलीला में फिल्मी कलाकारों और लोक कलाकारों का जादू देखने को मिलेगा। इस बार रामलीला में 42 से ज्यादा फिल्मी हस्तियां प्रभु श्रीराम की जीवनलीलाओं का मंचन करती नजर आएंगी। इनमें बीजेपी सांसद मनोज तिवारी से लेकर लोक गायिका मालिनी अवस्थी तक का नाम शामिल है।
अयोध्या में रामलीला 3 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक चलेगी। यह रामलीला नेशनल हाईवे स्थित श्री राम प्रेक्षागृह में होगी। जिसके मद्देनजर वैदिक रीति-रिवाज से भूमि पूजन भी संपन्न हो गया है। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक इस रामलीला में भोजपुरी अभिनेता और बीजेपी सांसद रवि किशन केवट की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि मनोज तिवारी बाली की भूमिका में नजर आएंगे
इनके अलावा फिल्म अभिनेता रजा मुराद भी इस रामलीला में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। भारी आवाज वाले रजा मुराद अहिरावण की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि राकेश बेदी राजा जनक की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री वेदमती की भूमिका निभाएंगी, मालिनी अवस्थी शबरी की भूमिका निभाएंगी जिनके खट्टे बेर भगवान श्री राम ने खाए थे। फिल्म अभिनेता राज माथुर भरत की भूमिका में नजर आएंगे।
पीएम मोदी को भेजा गया न्योता
अयोध्या में फिल्मी सितारों द्वारा आयोजित रामलीला आयोजन के अध्यक्ष सुभाष चंद्रा ने बताया कि इस रामलीला का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया गया है। ऐसे में पीएम नरेंद्र मोदी पहले दिन इस आयोजन में शामिल हो सकते हैं। उनके अलावा यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह को भी आमंत्रित किया गया है।
आपको बता दें कि पिछले कुछ सालों से अयोध्या में हर साल भव्य रामलीला का आयोजन किया जाता है। राम मंदिर उद्घाटन के बाद पहली बार राम नगरी में रामलीला का मंचन हो रहा है। जिसमें कई फिल्मी कलाकार हिस्सा लेंगे। इनमें कई ऐसे कलाकार भी शामिल हैं, जिन्होंने पिछली बार भी अयोध्या में रामलीला आयोजन में हिस्सा लिया था।
