भोपाल:- देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल्द ही सौगातों का पिटारा लेकर मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं. प्रधानमंत्री अक्टूबर माह में मध्य प्रदेश आएंगे और प्रदेश को 2 बड़ी सौगातें देंगी. यह प्रदेश के विकास और परिवहन क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी. मध्य प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा की तैयारियां अभी से शुरू कर दी है. पीएम मोदी अक्टूबर माह में मध्य प्रदेश आएंगे. वे प्रदेश के महू के पास बन रहे पीएम मित्र पार्क और मध्य प्रदेश की दूसरी मेट्रो ट्रेन का लोकार्पण करेंगे.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पीएम मोदी को न्यौता देने दिल्ली गए थे. मध्य प्रदेश में पीएम मोदी का इस साल का यह चौथा दौरा होगा. इसके पहले पीएम मोदी 31 मई को भोपाल आए थे. इस दौरान उन्होंने इंदौर में मेट्रो रेल परियोजना और उज्जैन में क्षिप्रा के विभिन्न घाटों का लोकार्पण किया था.
क्या हैं दो प्रोजेक्ट जिसका पीएम करेंगे लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी मध्य प्रदेश यात्रा के दौरान 2 महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का लोकार्पण करेंगे. इनमें पहला है पीएम मित्र पार्क, जिसे प्रदेश में कपड़ा उद्योग के नए युग की शुरूआत माना जा रहा है. दूसरा है भोपाल मेट्रो यह राजधानी भोपाल के परिवहन व्यवस्था के हिसाब से मील का पत्थर साबित होगा. आइए बताते हैं आखिर क्यों दोनों प्रोजेक्ट बेहद खास हैं.
पीएम मित्र पार्क बदलेगा एमपी की तस्वीर
प्रदेश की औद्योगिक नगरी इंदौर संभाग के धार जिले में आने वाले भैंसोला में 2177 एकड़ में पीएम मित्र पार्क आकार ले रहा है. पीएम मित्र यानी प्रधानमंत्री मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड एपेरल पार्क. इसे पीएम मोदी के 5 एफ विजन फार्म टू, फाइबर टू, फैक्ट्री टू, फैशन टू, फॉरेन के आधार पर विकसित किया जा रहा है. इसके इंफ्रस्ट्रक्चर डेवपलमेंट पर 2050 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी. इसके पहले चरण में केन्द्र सरकार ने 773 करोड़ के टेंडर जारी किए थे. पीएम मित्र पार्क को मध्य प्रदेश के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है.
इस पार्क में कपास से धागा, धागे से कपड़े और तैयार कपड़े की बिक्री और निर्यात तक का काम एक ही स्थान से किया जा सकेगा. यानी यहां कटाई, बुनाई, प्रोसेसिंग, रंगाई, छपाई और परिधानों के निर्माण जैसे सभी काम होंगे. इस सौगात को मध्य प्रदेश के विकास और कपड़ा उद्योग के नए युग की शुरूआत माना जा रहा है. इस पार्क के लिए अभी तक 10 हजार करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव सरकार को मिल चुके हैं. देश और विदेश की कई बड़े टेक्सटाइल इंडस्ट्री ने यहां निवेश को लेकर रूचि दिखाई है.
मध्य प्रदेश को मिलेगी दूसरी मेट्रो
मध्य प्रदेश में इंदौर के बाद अब राजधानी भोपाल में भी यात्री मेट्रो में सफर करेंगे. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका लोकार्पण करने आ रहे हैं. भोपाल मेट्रो के पहले चरण का काम पूरा हो चुका है. पहले चरण में मेट्रो सुभाष नगर से एम्स के बीच दौड़ेगी. इन दोनों के बीच की दूरी 6.22 किलोमीटर है. इन दोनों के बीच भोपाल का सबसे बड़ा कमर्शियल क्षेत्र एमपी नगर और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और एम्स है. इस रूट पर मेट्रो 40 किलोमीटर की स्पीड से दौड़ेगी.
इस रूट के निर्माण पर 2225 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं. मेट्रो के लिए पिछले 7 सालों से इंतजार किया जा रहा था. मेट्रो प्रोजेक्ट को मोदी सरकार ने ही साल 2018 में मंजूरी दी थी, इसके बाद 2019 में इसका काम शुरू हुआ था. भोपाल मेट्रो रूट के ब्लू और ऑरेंज लाइन को भी 2030 तक पूरी तरह शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.