नई दिल्ली :– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश की सबसे बड़ी पार्टियों में से एक भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी है। आज भाजपा के वरिष्ठ नेता और अध्यक्ष जेपी नड्डा 64 साल के हो गए हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नड्डा के पार्टी में उल्लेखनीय योगदान के लिए तारीफ भी की है।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि मैं नड्डा जी को पिछले कई सालों से जानता हूं और मैंने पार्टी में उनके उल्लेखनीय योगदान को बहुत करीब से देखा है। उन्होंने हर संगठनात्मक, विधायी और कार्यकारी जिम्मेदारी को पूरी मेहनत और लगन से साथ निभाया है। वह एक स्वस्थ भारत सुनिश्चित करने के प्रयासों में सबसे आगे रहे हैं।
राजनाथ सिंह ने दी बधाई
भाजपा के कई और नेताओं ने राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा को शुभकामनाएं दीं हैं। नड्डा 2020 से सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा का नेतृत्व कर रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नड्डा की सादगी, विनम्रता और दृढ़ता असाधारण है। सिंह ने कहा है कि उन्होंने यानी नड्डा ने पार्टी की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नड्डा जी भारत के हेल्थ सेक्टर को मजबूत करने के लिए भी सराहनीय प्रयास कर रहे हैं।
केंद्रीय गृहमंत्री ने की उत्तम स्वास्थ्य की कामना
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जेपी नड्डा को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में संगठन का विस्तार और विश्वास का सुंदर कालखंड देखने को मिल रहा है। शाह ने आगे ये भी लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के हेल्थ सेक्टर को मजबूत बनाने में आप सराहनीय योगदान दे रहे हैं। मैं ईश्वर से आपको दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य देने की कामना करता हूं।
नितिन गडकरी ने भी पोस्ट किया
केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से जेपी नड्डा को जन्मदिन पर बधाई दी है। नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा है कि केंद्रीय कैबिनेट में मेरे साथी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से यही कामना करता हूं कि आप हमेशा स्वस्थ और दीर्घायु रहें।
योगी ने भी दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय जगत प्रकाश नड्डा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! भगवान श्रीराम से आपके स्वस्थ, सुयश पूर्ण जीवन और सुदीर्घ होने की प्रार्थना है।
