वाराणसी:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी के अपने 51वें दौरे पर वाराणसी में 2 घंटे से ज्यादा वक्त तक रहे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा एक तरफ जहां विकास कार्यों के साथ दिव्यांगजनों और किसानों के हित में था, तो वहीं उन्होंने धार्मिक नगरी काशी से पाकिस्तान को भी करारा जवाब दिया.
पीएम मोदी ने बनारस में मंच से पाकिस्तान को नापाक हरकतें बंद करने की हिदायत तो दी ही. साथ ही उत्तर प्रदेश की धरती पर तैयार होने वाली ब्रह्मोस मिसाइल के बारे में बताते हुए पाकिस्तान को चेतावनी भी दे डाली. कहा कि पाकिस्तान अगर अब नापाक हरकत करता है तो यूपी में तैयार होने वाली ब्रह्मोस मिसाइल उसे बर्बाद कर देगी, यह पाकिस्तान समझ जाए कि अब उसे सुधर जाना चाहिए.
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान को लेकर अब तक खुलकर बोलते हुए सिर्फ संसद में दिखाई देते थे. लेकिन, संसद में पिछले दिनों अपने संवाद के दौरान जिस तरह से विपक्ष के विरोध को उन्होंने झेला उसके बाद आज उनके सब्र का बांध बनारस में टूटता दिखाई दिया.
उन्होंने एक तरफ जहां विपक्ष को आड़े हाथों लिया तो वहीं पाकिस्तान का साथ दे रहे लोगों के साथ विपक्ष को भी यह समझा दिया कि आप देश हित में बात कीजिए, विरोधियों के पक्ष में नहीं. उन्होंने कहा कि यह नया भारत भोलेनाथ को पूजता है और दुश्मनों के सामने कालभैरव भी बन जाता है.
उन्होंने कहा कि मैं यूपी का सांसद हूं, इस नाते मुझे खुशी है कि ब्रह्मोस मिसाइल यूपी में भी बनेगी. ये मिसाइल लखनऊ में तैयार होंगी. अगर पाकिस्तान ने फिर कोई पाप किया तो यूपी में बनी मिसाइल आतंकियों को तबाह कर देगी. आज यूपी विकास कर रहा है, तो इसके पीछे भाजपा सरकार की नीतियां हैं. यूपी में भाजपा सरकार ने अपराधियों में खौफ भर दिया है. मैं यूपी सरकार को बधाई देता हूं.
पीएम ने कहा सेवापुरी का इतिहास क्रांतिकारियों का रहा है. यहां घर-घर महिला-पुरुष के हाथों में चरखा हुआ करता था. प्रधानमंत्री मोदी ने यूपी और काशी के सांसद होने पर गर्व जताते हुए कहा कि अब यूपी में मिसाइल बन रही है.
