बिलासपुर:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के दौरे पर 30 मार्च को न्यायधानी बिलासपुर पहुंच रहे हैं. पीएम के इस विजिट को लेकर तैयारियां तेज हो गई है. सीएम विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम अरुण साव खुद पीएम के दौरे की तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. गुरुवार को सीएम साय और डिप्टी सीएम अरुण साव बिलासपुर पहुंचे. उसके बाद दोनों नेता अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल पहुंचे. यहां उन्होंने तैयारियों का बीरीकी से निरीक्षण किया.
सीएम ने सभा स्थल का लिया जायजा: सीएम ने अफसरों के साथ सभास्थल और हैलीपेड सहित आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. सीएम ने पीएम के प्रोटोकॉल के हिसाब से सुरक्षा व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए. PM मोदी की सभा के लिए 55 एकड़ निजी जमीन पर पंडाल और रोड बनाया गया है. बिल्हा ब्लॉक के मोहभठ्ठा में प्रधानमंत्री मोदी का एक घंटे का कार्यक्रम है. इस दौरान पीएम केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों का लोकार्पण करने के साथ ही कई विकास कार्यों की आधारशिला भी रखेंगे.
मोहभठ्ठा गांव में पीएम मोदी की सभा: पीएम नरेंद्र मोदी की सभा मोहभट्टा गांव में है. यहीं पर सभा के लिए मंच बनाए जा रहे हैं. CM विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव, भाजपा के विधायक समेत आला अफसरों ने आयोजन स्थल पहुंचकर सभी स्थितियों को समझा. स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप की टीम भी पीएम मोदी के दौरे को लेकर बिलासपुर पहुंच गई है. सुरक्षा व्यवस्था के साथ साथ अन्य व्यवस्थाओं को एसपीजी की टीम परख रही है.
कई प्रोजेक्ट की आधारशिला रखेंगे पीएम: पीएम नरेंद्र मोदी बिलासपुर दौरे में नई रेल परियोजनाओं और एनटीपीसी यूनिट का आधारशिला रखेंगे. इसके साथ ही विकास कार्यों का शुभारंभ भी करेंगे. इस मौके पर पहुंचे स्थानीय बीजेपी विधायक धरम लाल कौशिक ने कहा कि मोहभट्टा में ऐतिहासिक लक्ष्य के साथ पीएम आगमन की तैयारी की जा रही है सीएम अबतक की तैयारी से संतुष्ट दिखे.