भोपाल। प्रदेश सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रदेश के पुलिसकर्मियों बड़ी सौगात दी है। उन्होंने चुनावी साल में विभाग के कर्मियों को तोहफा देते हुए उनके अलग-अलग भत्तों में इजाफे का ऐलान किया। सीएम ने पुलिसकर्मियों के पेट्रोल, पोषण, वर्दी और हेल्थ चेकअप भत्ता बढ़ाने की घोषणा की हैं। साथ ही अब सीएम शिवराज ने पुलिसकर्मियों को वीकली ऑफ देने का भी बड़ा ऐलान किया है।
जानकारी के अनुसार, रोटेशन से साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित किया जाएगा। आरक्षक से उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी-कर्मचारी को भी पेट्रोल भत्ता दिए जाएंगे। हर महीने 1 हजार रुपए पौष्टिक आहार भत्ता दिया जाएगा। वर्दी के लिए मिलने वाला भत्ता 5000 रुपए किया जाएगा। भोजन भत्ता 100 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से दिया जाएगा। 45 साल से ज्यादा आयु के पुलिसकर्मियों का नि:शुल्क मेडिकल चेकअप होगा। पुलिसकर्मियों के लिए 25 हजार नए आवास बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं-
सभी पुलिस थानों में पदस्थ आरक्षक से उप निरीक्षक स्तर तक के ऐसे अधिकारी-कर्मचारियों को जिनके पास शासकीय वाहन नहीं है, उन्हें 15 लीटर पेट्रोल भत्ता प्रतिमाह दिया जायेगा।
पुलिसकर्मियों का पौष्टिक आहार भत्ता एक हजार रूपए प्रतिमाह किया जायेगा।
आरक्षक एवं प्रधान आरक्षक का वर्दी भत्ता प्रतिवर्ष 5 हजार रूपए किया जायेगा।
राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को वेतनमान का पंचम स्तर दिया जायेगा।
भोजन भत्ता की दर 100 रूपए प्रतिदिन की जायेगी।
45 वर्ष से अधिक आयु के सभी पुलिसकर्मियों का नि:शुल्क मेडिकल चेकअप किया जायेगा।
सभी पुलिसकर्मियों के लिए रोटेशन से साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित किया जायेगा।
पुलिसकर्मियों के लिए 25 हजार नये आवास बनाये जायेंगे।