इंदौर। इंदौर में तीन दिन चलने वाला प्रवासी भारतीय सम्मेलन शुरू हो गया है। इस सम्मलेन के लिए इंदौर शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। सम्मेलन के मद्देनजर विशेष थीम के तहत सजे शहर के चौराहे और सड़कें सभी को अपनी तरफ आकर्षित कर रहे हैं। शहरवासी भी इस भव्य सजावट को निहार रहे हैं। एबी रोड, एमजी रोड पर मौजूद मॉल सहित शहर की अन्य बड़ी-बड़ी इमारतों पर भी आकर्षक लाइटिंग इंदौर को नए ढंग से पेश कर रही है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस सम्मलेन को संबोधित करते हुए प्रवासियों से कहा कि आप इंदौर आए हैं तो महाकाल लोक जाइएगा। और हां, एक बात जरूर कीजिएगा कि समय निकालकर सराफा बाजार में जरूर जाना। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी लोगों को संबोधित किया। सीएम ने एनआरआई से पूछा कि आप सब कैसे हैं। पहला दिन कैसे गुजरा। इंदौर ने सिर्फ पलक पावड़े नहीं बिछाएं, यहां तो होड़ लगी थी कि आपको अपने घर रुकवाएं। मंत्री ठाकुर ने सराफा की बात कही है, मैं तो कहता हूं कि आप सभी छप्पन दुकान भी जाइएगा।
सीएम और केंद्रीय मंत्री की बात को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा मैं सराफा तो नहीं गया लेकिन कल रात 56 दुकान जरूर गया था।अनुराग ठाकुर ने की अर्थव्यवस्था की तारीफ़ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा पिछले साल भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। ये भारत के युवाओं का ही कमाल है कि पिछले आठ साल में हमारा देश दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट अप देश हो गया है।
अस्सी हजार से ज्यादा स्टार्टअप भारत में है। जहां दुनिया कोरोना से लड़ रही थी, उस समय भारत के युवा अपने स्टार्टअप को यूनिकॉर्न का दर्जा दिलाने का काम कर रहे थे। उस समय भारत के 50 स्टार्टअप को यूनिकॉर्न का दर्जा मिला। प्रवासी भारतीय सम्मलेन के लिए इंदौर में खूब तैयारियां की गई हैं। इंदौर के प्रभारी गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्र ने सप्ताह भर पहले से ही लगातार तैयारियां का जायजा लिया। राजवाड़ा, कृष्णपुरा, बोलिया सरकार की छत्रियों पर भी लाइटिंग की गई है।
एयरपोर्ट पर भी थीम बेस्ड फसाड लाइटिंग NRI के वेलकम के लिए लगाई गई है। बापट चौराहे से कार्यक्रम स्थल ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर के बीच पहली बार सोलर ट्री और गजिबो लगाए गए हैं। पूरा शहर मेहमानों की अगवानी करता नजर आ रहा है।सम्मेलन में शिरकत करने वाले अतिथि लगभग पहुंच चुके हैं। शनिवार को कई मेहमान इंदौर पहुंचे। इनमें सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी भी शामिल हैं। सम्मलेन के लिए 10 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। प्रवासी भारतीय सम्मेलन के तुरंत बाद 11 जनवरी से ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट का आयोजन होगा, दोनों आयोजन 8 से 12 जनवरी तक होंगे।